सेनानियों के बलिदान से ही मिला है गणतंत्र दिवस मनाने का गौरवशाली अवसर : रणबीर गंगवा
भिवानी।
स्थानीय भीम स्टेडियम में 77 वां जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह बडे ही बड़ी धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रदेश के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पहले मुख्य अतिथि ने नेहरू पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया। इस दौरान डीसी साहिल गुप्ता और एसएसपी सुमित कुमार ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए। भीम स्टेडियम में मौजूद हर नागरिक का जोश, उमंग और उल्लास देखते ही बन रहा था।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सामूहिक पीटी प्रदर्शन, परेड की शानदार व जोरदार प्रस्तुती से भीम स्टेडियम में भारत देश की समृद्ध व विशाल संस्कृति की छंटा बनी। समारोह में श्री गंगवा ने परेड की टुकडिय़ों का निरीक्षण किया और प्रेरणादायी संबोधन से जहां एक तरफ देश को आजादी दिलाने वाले अमर शहीदों को नमन किया वहीं प्रदेश की विकासपरक योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री गंगवा ने अपने संबोधन में कहा कि सनानियों के बलिदान से ही हमें गणतंत्र दिवस मनाने का गौरवशाली अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन 76 वर्ष पहले सन 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ था। इसी संविधान ने हमें न्याय, स्वतंत्रता समानता के मौलिक अधिकार दिए।
उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के तमाम सदस्यों को नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, लाला लाजपत राय, सरदार वल्लभ भाई पटेल, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद जैसे महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों ने कड़े संघर्ष की भी याद दिलाई।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के तौर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा है। इसका श्रेय हमारे उन राजनेताओं, कर्मठ किसान-मजदूरों, कारीगरों तथा वैज्ञानिकों को जाता है जिन्होंने दिन-रात एक करके इस देश को विकास की गति प्रदान की।आज हमारा देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में चहुंमुखी प्रगति कर रहा है। भारत चन्द्रमा के दक्षिणी धुव्र पर चंद्रयान-3 उतारने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है।
उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के इस सफर में हरियाणा का भी महत्वपूर्ण योगदान है। हरियाणा ने भी प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास को नए आयाम प्रदान किये हैं।
स्वतन्त्रता आन्दोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले हरियाणा वासियों की याद में अंबाला में स्वतंत्रता संग्राम स्मारक बनकर तैयार हो गया है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेलों में भी हमने नई ऊँचाइयों को छुआ है। हरियाणा के नौजवान सेना में भर्ती होना अपनी शान समझते हैं। हम अपने शहीदों के बलिदानों का कर्ज तो नहीं चुका सकते लेकिन उनके परिजनों की देखभाल करके उनके प्रति सम्मान अवश्य जता सकते हैं।
उन्होंने कहा कि युद्ध के दौरान शहीद हुए हरियाणा के सैनिकों और अर्ध-सैनिक बलों के जवानों तथा अग्निवीरों की अनुग्रह राशि एक करोड़ रुपये कर दी गई है। अग्निवीरों के लिए सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा 1984 के दंगा पीड़ितों के आश्रितों को सरकारी नौकरियां देने की प्रक्रिया शुरू की गई हैं।
अब तक शहीदों के 418 आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नौकरियां भी प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के सिद्धांत पर नीतियां लागू कर रही है। सभी परिवारों का पहचान पत्र बनाया गया है जिससे पात्र परिवारों को घर बैठे ही सरकारी योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने कहा कि हर गरीब के सिर पर छत मुहैया करवाने के लिए प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण तथा शहरी योजना तहत 98,860 मकान दिए हैं, जबकि 49,670 मकान निर्माणाधीन हैं।
मुख्यमंत्री आवास योजना शहरी के तहत 14 शहरों में 15,256 गरीब परिवारों को एक-एक मरला के प्लाट दिए जा चुके हैं तथा 16 शहरों में 15,251 प्लाटों की बुकिंग प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है तथा शीघ्र लाभार्थियों को प्लाट ड्रॉ के माध्यम से दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत दो चरणों में 50-100 वर्ग गज के 12,031 प्लाट दिए गए हैं। हर गरीब को राशन मिलने में परेशानी न हो, इसके लिए राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया गया है।
गरीब परिवारों के बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाने का सपना साकार करने के लिए चिराग योजना चलाई गई है। यही नहीं कौशल रोजगार निगम के माध्यम से कर्मचारियों की भर्ती में भी गरीब परिवारों के युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अलावा निगम के माध्यम से लगे कर्मचारियों की नौकरियां सुरक्षित करने का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने कृषि, उद्योग, व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र में ई-गवर्नेंस के माध्यम से क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। जिस प्रकार परिवार पहचान पत्र के डेटा से विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को घर बैठे मिल रहा है। उसी प्रकार कृषि क्षेत्र में मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल बनाकर किसान कल्याण की अनेक योजनाओं को इससे जोड़ा गया है। एमएमपी पर सभी 24 फसलों की खरीद कर बिक्री की राशि सीधे 48 घंटे में किसानों के खाते में भेजी जा रही है। किसानों को 415 रुपए प्रति क्विंटल तक गन्ने का भाव दिया जा रहा है। इसके अलावा फसल खराबे का मुआवजा, भावांतर भरपाई की राशि, मेरा पानी-मेरी विरासत, धान की सीधे ही बिजाई की प्रोत्साहन राशि आदि इस पोर्टल के माध्यम से किसान के खाते में भेजी जाती है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के 20.17 लाख किसानों को 21 किस्तों में 7234 करोड़ रुपए प्रदान किए जा चुके हैं। देशी गाय की नस्लों के सुधार एवं विकास के लिए गोकुल ग्राम की स्थापना की गई है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्राकृतिक खेती क्षेत्र का दायरा बढाकर एक लाख एकड़ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों को देशी गाय की खरीद पर दी जाने वाली राशि 30 हजार रुपए की गई है। बेहतर सिंचाई एवं जल संसाधन हेतु नहरों की टेल तक पानी पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सरस्वती नदी पुनरोद्धार तथा धरोहर विकास परियोजना पर कार्य चल रहा है जिसे 2028 में पूरा कर लिया जाएगा। मेरा पानी-मेरी विरासत योजना के तहत 1000 रिचार्ज कुओं के निर्माण की मंजूरी दी गई है। इससे 8000 एकड़ जलमग्न भूमि लाभान्वित होगी। बरसाती जल सिंचित करने के लिए 158 रैन वाटर हारवेस्टिंग सिस्टम लगाए जा रहे है। बड़े गांवों में शहरों की तर्ज पर जलापूर्ति एवं सीवरेज व्यवस्था सुलभ करवाने के लिए महाग्राम योजना शुरू गई है। प्रदेश में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए 2150 करोड़ रुपए से भी अधिक राशि की परियोजनाएं मंजूर की गई हैं। नए जलचर बनाए जा रहे हैं। पुराने जलघरों की स्थिति को सुधारा जा रहा हेै।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने परिवहन, उद्योग, खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं बागवानी, बिजली, पेयजल, सिंचाई आदि जनता से सीधे रूप से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। कैबिनेट मंत्री ने अपने संबोधन से नागरिकों को स्वदेशी वस्तुएं अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत देश को आत्म निर्भर बनाने में हर नागरिक का योगदान जरूरी है।
- मुख्य अतिथि ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को किया नमन
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने से पहले जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा स्थानीय नेहरू पार्क में पहुंचे और यहां स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर देश की आजादी में अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन किया। इस दौरान डीसी साहिल गुप्ता और एसएसपी सुमित कुमार ने शहीद स्कारम पर पुष्प चक्र अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया।
- विभिन्न स्कूलों ने दी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति
गणतंत्र दिवस समारोह में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन स्कूल ने योगासन के प्रदर्शन से स्वस्थ रहने का संदेश दिया। भिवानी पब्लिक स्कूल ने पंजाब का प्रसिद्ध भंगड़ा से धमाल मचाया। हलवासिया विद्या विहार की छात्राओं ने देश की नारी शक्ति, महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में धाक जमाने वाले वाली भारत की शेरनियों का परिचय करवाया।
वहीं वैश्य मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने महाराष्ट्र का छावा नृत्य से छत्रपति महाराज शिवाजी की वीरता का परिचय करवाया। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने रागनी से सेना को नमन किया। बाल भवन स्कूल ने पंजाबी गिद्दा की जोरदार प्रस्तुति दी तो पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने हरियाणावी पगड़ी पर नृत्य पर धमाकेदार प्रस्तुति दी। अपनी प्रस्तुति में बच्चों ने देश की समृद्घ विरासत, विभिन्नता में एकता लिए भारत देश की संस्कृति को दर्शाया। समारोह में विभिन्न स्कूलों ने पीटी डंबल तथा लेजियम का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
- परेड की टुकडिय़ों ने मंच के सामने से गुजरते हुए किया तिरंगे को सलाम
गणतंत्र दिवस समारोह में परेड की टुकडिय़ों ने उप पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के नेतृत्व में जोरदार मार्च पास्ट किया। सभी टुकडिय़ों ने मंच के सामने से गुजरते हुए राष्टï्रीय ध्वज को सलामी दी, जिसमें पीएसआई अजय कुमार की अगुवाई में हरियाणा पुलिस पुरुष, एएसआई उर्मिला की अगुवाई में महिला पुलिस, एचसी ज्ञानेंद्र दहिया की अगुवाई में होमगार्ड, सीनियर अंडर ऑफिसर राहुल की अगुवाई में एनसीसी सीनियर डिवीजन लडक़े व सीनियर अंडर ऑफिसर पूजा की अगुवाई में एनसीसी लड़कियां, सारजेंट तन्नू की अगुवाई में एससीसी लड़कियां, सागर सजन सिंह के नेतृत्व में दा हरियाणा राज्य भारत स्काउटस एंड गाइड सीनियर विंग, रोवर नितेश कुमार के नेतृत्व में दा हरियाणा राज्य भारत स्काउंटस एंड गाइड ज्यूनियर विंग की टुकडिय़ां शामिल रहीं। सभी टुकडिय़ों ने वैश्य मॉडल स्कूल की कमांडर वैभवी के नेतृत्व में बैंड की टुकड़ी के साथ मार्च पास्ट किया।
- गणतंत्र दिवस समारोह में झांकियों के माध्यम से दिखाई सरकारी योजनाओं की तस्वीर
गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों ने झांकियों के माध्यम से सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की तस्वीर प्रस्तुत की। समारोह में स्वास्थ्य विभाग ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ व समृद्ध समाज बनाओ, जनस्वास्थ्य विभाग ने जल जीवन मिशन, बिजली निगम ने प्रधान मंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना व म्हारा गांव-जगमग गांव हरियाणा, जिला उद्योग केन्द्र/बी.टी.एम., भिवानी (संयुक्त रूप से) ने नीओ स्क्रेच के साथ स्वतंत्रता का जश्र, जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी ने विकसित भारत के लिए शिक्षा, सशक्त दिमाग और महाशक्ति का निर्माण, महिला एंव बाल विकास विभाग ने मिशन वात्सल्य, संघन पशुधन विकास परियोजना विभाग ने मोबाइल वैन डायल 1962, विभागीय गतिविधियों की झांकी, मधानी व एनएलएम स्कीम, अग्रणी बैंक प्रबंधक, पीएनबी ने नेट बैकिंग और साईबर अपराध जागरूकता, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण/यातायात पुलिस ने ड्रींक एंड ड्राईव, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने प्लास्टिक को ना कहें, आयुष विभाग ने सूर्य नमस्कार व डीएलएसए ने कानूनी साक्षरता का प्रदर्शन किया।
- परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम व झांकियों का परिणाम
झांकियों में शिक्षा विभाग की झांकी प्रथम, यातायात पुलिस की दूसरे तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तीसरे स्थान पर रही। इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठï माध्यमिक विद्यालय प्रथम, हालुवासिया विद्या विहार दूसरे व वैश्य माडल सी.सै. स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। परेड में महिला पुलिस की टुकड़ी प्रथम, पुलिस पुरूष की टुकड़ी द्वितीय व लडक़ों की एनसीसी सीनियर डिविजन की टुकड़ी तीसरे स्थान पर रही।
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा निष्ठïावान व कर्मठ अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में सर्व कल्याण मंच हरियाणा, कार्यवाहक जिला खेल अधिकारी विद्यानंद यादव, प्रवक्ता अमृता सिंह, गांव बलियाली के सरपंच सरदाना, ढ़ाणी दरियापुर से सेवानिवृत शिक्षक रामकुमार वर्मा, महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी, पीटीआई मोतीलाल, पीएसआई विकास, एसआई आनंद, एएसआई कृष्ण, एसआई बलजीत, फायर ऑपरेटर सुनील, सहायक कृषि अभियंता डा. नसीब धनखड़, कलिंगा अमरू पाना के सरपंच सोनू, उपायुक्त कार्यालय से सहायक जिला न्यायवादी भुवेश, डीडीपीओ कार्यालय से सहायक भूपेश कुमार, कम्प्यूटर ऑपरेटर अमन व अनिल कुमार, हल्का पटवारी पपोसा संजय खुराना व मुख्याध्यापक भांकरा कमल सिंह शामिल हैं।
उपायुक्त साहिल गुप्ता ने जिला प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री गंगवा को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. मनोज कुमार ने किया।
समापन राजकीय मॉडल संस्कृतिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बच्चों द्वारा राष्ट्रीय गान की प्रस्तुति के साथ हुआ।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, सीईओ जिला परिषद अजय चौपड़ा, एसडीएम महेश कुमार, नगराधीश अनिल कुमार, डीएसपी महेश कुमार, सीएमजीजीए ऋषभ रंजन, सीएमओ डॉ. रघुबीर शांडिल्य, डीईओ निर्मल दहिया, कृषि उप निदेशक डॉ. विनोद फोगाट, यातायात प्रबंधक भरत परमार, नगर परिषद ईओ राजाराम, खंड शिक्षा अधिकारी अनिल गौड़, महामंत्री रमेश पचेरवाल, सफाई निरीक्षक विकास देसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, प्रतिभागी स्कूली के बच्चे, अभिभावक व स्कूलों से इंचार्ज मौजूद रहे।