{"vars":{"id": "123258:4912"}}

लाडो लक्ष्मी की दूसरी किस्त जारी; CM सैनी बोले- हर तीसरे महीने में डालेंगे रुपए

 

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आज (3 दिसंबर) दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की दूसरी जारी कर दी। इस दौरान सीएम सैनी ने कहा- इस योजना के तहत 7 लाख 1 हजार 965 लाभार्थी बहनों के खातों में 2100 रुपए की राशि डाली गई है।

साथ ही CM सैनी ने यह भी बताया कि अब महिलाओं के खाते में हर महीने के बजाय, हर 3 महीने के बाद योजना की राशि भेजी जाएगी।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 109वें जन्मदिवस के अवसर पर लाडो लक्ष्मी ऐप का शुभारंभ किया गया था। इस ऐप पर 30 नवंबर तक 9 लाख 552 महिलाओं ने आवेदन किया, जिनमें से 7 लाख 1 हजार 965 महिलाएं पात्र पाई गई।

5 लाख 58 हजार 346 महिलाओं ने अपना आधार KYC पूरा किया। 1 लाख 43 हजार 619 महिलाओं का अभी वेरिफिकेशन पेंडिंग है। 

चंडीगढ़ में हरियाणा निवास सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सेकेंड किश्त जारी करते हुए CM ने कहा- इस योजना का लाभ पाने के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन है। आवेदन पूरा होते ही 24 से 48 घंटे में सारी वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी कर ली जाती है। पात्र महिलाओं को SMS द्वारा सूचित कर इसी ऐप पर दोबारा जाकर लाइव फोटो खींचकर अपलोड करने का निवेदन किया जाता है।

सीएम ने बताया कि आधार डेटाबेस के माध्यम से E-KYC होने के बाद सेवा विभाग इस योजना की पेंशन आईडी जारी कर देता है। मुख्यमंत्री ने दूसरी किस्त जारी कर सभी पात्र बहनों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा- हमारी सरकार ने जो संकल्प लिए, उन्हें गति के साथ पूरा कर रहे हैं। अब हर 3 महीने में प्रदेश की महिलाओं के खाते में एक साथ लाडो लक्ष्मी योजना के तहत धनराशि डाली जाएगी।