{"vars":{"id": "123258:4912"}}

पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा का दूसरा चरण हुआ आरंभ

 

भिवानी :

पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही कांग्रेस की सद्भाव यात्रा का दूसरा चरण ज़ोर-शोर से आरंभ हो चुका है, जिसका मुख्य उद्देश्य भाजपा सरकार की विफलताओं और जनविरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस, भाजपा सरकार पर लगे वोट चोरी, बढ़ते अपराध, जाति-पाती की राजनीति, बेरोजग़ारी और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोपों को जनता के सामने रखेगी।

इसका एक महत्वपूर्ण लक्ष्य भाजपा द्वारा कथित रूप से जाति-धर्म के नाम पर खराब किए गए आपसी भाईचारे को फिर से बहाल करना भी है।
       यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियों के तहत पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बिरेंद्र सिंह ने भिवानी का दौरा किया और स्थानीय विद्या नगर में एक महत्वपूर्ण बैठक ली।

इस बैठक में भिवानी, तोशाम, कलानौर और महम विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। चौ. बिरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय कीं और उन्हें यात्रा को सफल बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सद्भावना यात्रा का यह चरण अब गति पकड़ चुका है और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो दिन तक रहेगी, जिसके दौरान यह विभिन्न गांवों का सघन दौरा करेगी।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दूसरे चरण के तहत पहले दो दिन नांगल चौधरी, उसके बाद नारनौल और फिर महेंद्रगढ़ में दो-दो दिन घूमेगी। इन क्षेत्रों के बाद यात्रा लोहारू, बाढड़ा और दादरी के लिए रवाना होगी।
      पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बिरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा केवल भाईचारे का संदेश देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करने का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि यह सद्भावना यात्रा हरियाणा की राजनीति में एक सकारात्मक बदलाव की नींव रखेगी।
     पत्रकारों से बातचीत के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री बिरेंद्र सिंह भाजपा और उसकी राजनीतिक विचारधारा पर बेहद हमलावर नजऱ आए।

उन्होंने भाजपा की गठबंधन राजनीति पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा छोटे दलों को साथी बनाकर पहले सरकार बनाती है, लेकिन बाद में उन्हीं की बलि लेकर अपनी जगह बनाती है। उन्होंने कहा कि यह बात बिहार की राजनीति में भी नजर आने लगी है और नीतीश कुमार को अब इस बात का अहसास होने लगा है। चौ. बिरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा की मूल विचारधारा देश में अपना राज परमानेन्ट स्थापित करने की है। इसके लिए वह पैसे बांटकर और लोगों को जाति व धर्म में बांटकर राजनीति कर रही है।

बिरेंद्र सिंह ने हालिया लोकसभा चुनाव के नतीजों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा की रणनीति को समझने लगी है। उन्होंने कहा कि जो भाजपा लोकसभा चुनाव में 400 सीट जीतने का क्लेम करती थी, उसे जनता ने 240 पर ला दिया।
     इस अवसर पर डा. शिव शंकर भारद्वाज, कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष विजेंद्र सिंह, अजीत चेयरमैन महम, दलबीर गांधी, आयोजक विरेंद्र किरोड़ी, अशोक सिवाच, कृपाल सरपंच, राज गागड़वास, रज्जू अहलावत, रण सिंह मान, राजू मान, रवि खन्ना, पवन बुवानीवाला, राकेश नेहरा, अनुप सेरिया, वार्ड नंबर-4 से पार्षद सन्नी श्योराण, वार्ड नंबर-20 से पार्षद अशोक, पूर्व पार्षद बलावन सिंह, पूर्व पार्षद टोनी धनाना सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।