भिवानी में जहर पीने को मजबूर हजारों लोग
भिवानी:
भिवानी के मुरारी सिनेमा रोड और जांडवाली गली के निवासियों के लिए पिछले कुछ दिन किसी दुस्वप्न से कम नहीं रहे हैं। नगर परिषद और ठेकेदार की लापरवाही के चलते शहर की मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे हजारों घरों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अधिकारी मौन साधे हुए हैं।
नगर परिषद द्वारा शहर में पुराने खुले बरसाती नालों की जगह 24 इंच की नई पाइपलाइन डालने का काम किया जा रहा है। इसी निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय पेयजल की मुख्य पाइपलाइन टूट गई। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि ठेकेदार के कर्मचारियों ने नाला बनाते समय पीने के पानी की पाइप तोड़ दी, जिसे कई दिन बीत जाने के बाद भी ठीक नहीं किया गया है। वही पाइपलाइन टूटने से पीने के पानी में सीवर और नाले का गंदा पानी मिल रहा है। पिछले 6 दिनों से घरों में काला और बदबूदार पानी आ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि पाइपलाइन को नाले के बीच से गुजारा गया, तो भविष्य में भी सीवर मिक्सिंग का खतरा बना रहेगा, जिससे महामारी फैल सकती है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उलटा, ठेकेदार का कहना है कि वह पाइपलाइन को गंदे नाले के मुख्य हौदे (चेंबर) के बीच से ही निकालेगा। निवासियों का तर्क है कि यदि ऐसा हुआ तो शुद्ध पेयजल कभी उपलब्ध नहीं हो पाएगा। इस लापरवाही से मुख्य रूप से जांडवाली गली और मुरारी सिनेमा रोड के करीब 250-300 परिवार सीधे तौर पर प्रभावित हैं। लोगों का कहना है कि एक तरफ सरकार स्वच्छ भारत का नारा देती है, वहीं दूसरी तरफ हमें सीवर मिला हुआ पानी पीने पर मजबूर किया जा रहा है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो हम नगर परिषद कार्यालय का घेराव करेंगे।