20 लाख की फिरौती मांगने के मामले में तीन गिरफ्तार
जिला पुलिस भिवानी द्वारा जिले में संगीन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु लगातार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसी कड़ी में डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए फर्नीचर व्यापारी व उसके ड्राइवर का पिस्टल पॉइंट पर अपहरण कर ₹ 20 लाख की फिरौती मांगने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से दोनों पीड़ितों को सकुशल बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों को पुलिस टीम द्वारा माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर वारदात में प्रयोग किए गए हथियार व अन्य सामान बरामद किए गए। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्तौल, दो मैगजीन, तीन कारतूस, छीनी गई फॉर्च्यूनर गाड़ी, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, 04 मोबाइल फोन तथा ₹ 25,000 नगद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार द्वारा जिले के सभी थाना प्रबंधकों व अपराध इकाई प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि संगीन अपराधों में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू की टीम ने इस गंभीर अपहरण व फिरौती मामले का त्वरित खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू के उप निरीक्षक विनोद कुमार अपनी टीम के साथ पिलानी रोड, लोहारू पर गश्त व जांच पड़ताल पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि कुछ आरोपी एक फर्नीचर व्यापारी का पिस्टल पॉइंट पर अपहरण कर लोहारू की तरफ ला रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पिलानी रोड पुल के पास नाकाबंदी की। इस दौरान आती हुई फॉर्च्यूनर गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी थी।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी को काबू कर लिया। इस दौरान दो आरोपी पुल से नीचे कूदकर भागने लगे, जिन्हें पीछा कर काबू किया गया। गाड़ी की तलाशी लेने पर बीच की सीट पर एक व्यक्ति के हाथ बंधे हुए मिले, जबकि एक अन्य व्यक्ति को गाड़ी की डिग्गी में बांधकर रखा गया था, जिन्हें तुरंत मुक्त कराया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन उर्फ धोलिया पुत्र परमेश निवासी सारंगपुर, जिला चरखी दादरी, रोहित पुत्र परविंदर निवासी बिहरी कला, जिला चरखी दादरी तथा कृष पुत्र अजीत सिंह निवासी खेड़ी बतर, जिला चरखी दादरी के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथी लक्ष्य की आर्थिक सहायता के लिए इस वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, जिसने ऑनलाइन गेमिंग में 25 लाख रुपए की भारी रकम गंवा दी थी। आरोपियों ने वारदात में प्रयुक्त हथियार व कारतूस जिला रेवाड़ी से खरीदना स्वीकार किया है।
आरोपी रोहित सीकर में जेईई मेंस की तैयारी करता है, आरोपी कृष्ण देहरादून में बीसीए की पढ़ाई करता है वहीं आरोपी नितिन सीकर में पीजी चलाने का काम करता है।
पुलिस टीम द्वारा आज तीनों आरोपियों को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए हैं। मामले में शामिल चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं, जिसे शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार ने सभी प्रबंधक थाना व अपराध यूनिट इंचार्ज को निर्देश दिए कि जिले में संगीन वारदात में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी व कड़ी कार्रवाई करते हुए जेल भेजने का कार्य किया जाए जिले में किसी भी प्रकार की अपराधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।