{"vars":{"id": "123258:4912"}}

दादरी में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर निकाली तिरंगा यात्रा

 

ऑप्रेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में दादरी जिले में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस तिरंगा यात्रा में भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद धर्मबीर सिंह व दादरी और बाढड़ा विधायक सहित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिन्होंने रोज गार्डन से लाला लाजपतराय चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली गई।

भाजपा मंत्री को दी नसीहत

तिरंगा यात्रा में पहुंचे भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा के सांसद धर्मबीर सिंह ने भाजपा के मंत्री द्वारा महिला सेना अधिकारी को दिये बयान पर नसीहत दी है। कहा कि देश की मंत्री को ऐसा नहीं बोलना चाहिए, ताकि देश में आपसी तानाबाना सही रहे। वहीं कहा कि पाकिस्तान ने भारतीय सेना की ताकत का अंदाजा देखकर ही बीएसएफ के जवान को छोड़ना पड़ा है। जिसका पूरा श्रेय देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है।

शहीद स्मारक स्थल पर पहुंचे

सांसद धर्मबीर सिंह की अगुआई में भाजपा द्वारा दादरी में भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र की तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में दादरी, भिवानी व महेंद्रगढ़ के भाजपा अध्यक्षों के अलावा दादरी विधायक सुनील सांगवान व बाढड़ा विधायक उमेद पातुवास भी यात्रा में शामिल हुए। यात्रा से पहले उन्होंने शहीद स्मारक स्थल पर पहुंचकर शहीदों को नमन किया।दादरी के रोज गार्डन से लाजपत राय चौक तक तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों को देशभक्ति के लिए प्रेरित किया।

सेना ने दिया आतंकियों को जवाब

सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि भारत देश की सेना पाकिस्तान व आतंकियों को जवाब देने में पुरी तरह से सक्षम है। हमारी बहादुर सेना ने ऑप्रेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक अंजाम देकर ये दिखा भी दिया है। सांसद ने कहा कि भारतीय सेना ने आप्रेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के 150 किलोमीटर भीतर जाकर जलवा दिखाते हुए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है।

इस बार देश की जनता का भरोसा तीनों सेनाओं ने नहीं तोड़ा और पाकिस्तान के छक्के उड़ा दिए। सेना ने एक गोली के जवाब में गोला दागकर दिया है जिससे पाकिस्तान डर गया है।

पंजाब को पानी देना होगा

वहीं कहा कि पंजाब को हरियाणा के हक का पानी देना होगा, इसको लेकर राजनीतिक करना ठीक नहीं है। राजनीति के चक्कर में आम पार्टी जहां दिल्ली में हारी है, तो अब पंजाब में भी हारेगी। पानी के हक का पानी के लिए सभी पार्टियां सरकार के साथ हैं।