{"vars":{"id": "123258:4912"}}

AICTE Kunal Jeet Singh News: टीआईटी भिवानी का दीक्षांत समारोह-2026 सम्पन्न: 100 से अधिक विद्यार्थियों को मिलीं उपाधियां, पूर्व छात्र सम्मानित

टीआईटी भिवानी के दीक्षांत समारोह-2026 में 100 से अधिक विद्यार्थियों को उपाधियां मिलीं और उत्कृष्ट पूर्व छात्रों व उद्यमी को सम्मानित किया गया।
 

टीआईटी भिवानी का दीक्षांत समारोह-2026 सम्पन्न

100 से अधिक विद्यार्थियों को प्रदान की गईं उपाधियाँ; चार पूर्व विद्यार्थियों को अतिविशिष्ट सम्मान तथा एक युवा विद्यार्थी उद्यमी को इमर्जिंग अचीवर सम्मान से किया गया सम्मानित

भिवानी, 21 नवम्बर 2026। टी आई टी भिवानी का दीक्षांत समारोह-2026 आज संस्थान के सेंट्रल ऑडिटोरियम में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में विभिन्न शैक्षणिक संकायों के 100 से अधिक विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं। इस अवसर पर भारत सरकार के रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के महानिदेशक (सोल्जर सपोर्ट सिस्टम) डॉ. उपेन्द्र कुमार सिंह मुख्य अतिथि तथा अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) के निदेशक डॉ. कुनाल जीत सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

निदेशक ने प्रस्तुत की संस्थान की गौरवशाली शैक्षणिक विरासत

संस्थान के निदेशक प्रो. बी.के. बेहरा ने अपने स्वागत संबोधन में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, सम्मानित पूर्व विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने वर्ष 1943 में स्थापित संस्थान की गौरवशाली विरासत, शैक्षणिक उपलब्धियों तथा तकनीकी एवं वस्त्र शिक्षा के क्षेत्र में इसके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत, लगन और समर्पण का प्रतिफल है। यह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन की नई चुनौतियों और जिम्मेदारियों को स्वीकार करने का संकल्प भी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास के लिए करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संस्थान अपने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार, आत्मनिर्भर और नैतिक मूल्यों से युक्त नागरिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संस्थान के प्रतिष्ठित पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों को वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

DRDO के महानिदेशक डॉ. उपेन्द्र कुमार सिंह ने युवाओं को दिया उत्कृष्टता और राष्ट्रसेवा का संदेश

मुख्य अतिथि डॉ. उपेन्द्र कुमार सिंह, महानिदेशक (सोल्जर सपोर्ट सिस्टम), DRDO ने अपने संबोधन में रक्षा अनुसंधान, स्वदेशी तकनीक और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में वैज्ञानिकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज भारत को ऐसे युवा तकनीकी विशेषज्ञों की आवश्यकता है, जो अपने ज्ञान और नवाचार के माध्यम से देश की चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत कर सकें।

उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्टता की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि तकनीकी ज्ञान का सर्वोच्च उद्देश्य मानव जीवन को बेहतर बनाना और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना होना चाहिए।

AICTE निदेशक डॉ. कुनाल जीत सिंह ने तकनीकी शिक्षा में नवाचार पर दिया जोर

विशिष्ट अतिथि डॉ. कुनाल जीत सिंह, निदेशक, अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) ने अपने संबोधन में देश में तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा की बदलती आवश्यकताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि AICTE देश में तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार, कौशल विकास और उद्योगों के साथ शैक्षणिक संस्थानों के बेहतर समन्वय को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते औद्योगिक एवं तकनीकी परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, समस्या समाधान की क्षमता, उद्यमशीलता और आजीवन सीखने की प्रवृत्ति भी विकसित होनी चाहिए। उन्होंने संस्थानों से उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान करने का आह्वान किया।

पाँच प्रतिष्ठित पूर्व विद्यार्थियों को सम्मान

समारोह में संस्थान की उपलब्धियों में योगदान देने वाले तथा विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय पहचान स्थापित करने वाले चार प्रतिष्ठित पूर्व विद्यार्थियों को अति विशिष्ट सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले व्यक्तित्व थे:

डॉ. अनिल कुमार नासा – सचिव, एन बी ए को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए

श्री अतुल मित्तल – प्रबंध निर्देशक, पी पी इंटरनेशनल को उनके इंडस्ट्री एण्ड कॉरपोरेट नेतृत्व के लिए

श्री हरमिंदर साहनी – संस्थापक एवम् प्रबंध निर्देशक, वजीर एडविजर्स को इंडस्ट्री एण्ड कॉरपोरेट नेतृत्व के लिए

श्री धीरज मिगलानी – निर्देशक, रिदम होम किएशन को उनके इंडस्ट्री एण्ड कॉरपोरेट नेतृत्व के लिए

श्री धीरज मेहता, संस्थापक, को ए आई जगत में उनकी व्यवसायिक उपलब्धियों के लिए अर्चिज सोल्युशन को इमर्जिंग अचीवर सम्मान दिया गया। 

सभी सम्मानित पुरस्कार विजेताओं ने संस्थान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपनी शैक्षणिक एवं व्यावसायिक यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि टीआईटी में प्राप्त शिक्षा, अनुशासन और संस्कार उनके व्यावसायिक जीवन की मजबूत नींव रहे हैं। उन्होंने वर्तमान विद्यार्थियों को परिश्रम, समर्पण, नवाचार और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संस्थान की गौरवशाली परम्पराओं से जुड़े रहने और इसके विकास में योगदान देने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

100 से अधिक विद्यार्थियों को मिलीं उपाधियाँ

दीक्षांत समारोह के दौरान विभिन्न ट्रेड्स एवं शैक्षणिक संकायों के 100 से अधिक विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए उपाधियाँ प्रदान की गईं। उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए यह गौरव और प्रसन्नता का विशेष अवसर रहा। समारोह ने संस्थान और उसके विद्यार्थियों के बीच ज्ञान, उपलब्धि तथा परस्पर जुड़ाव की परम्परा को और सुदृढ़ किया।

कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. ज्योति चौधरी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स, सम्मानित पूर्व विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अन्य अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने समारोह के सफल आयोजन में संस्थान के निदेशक, आयोजन समिति, सभी प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से यह महत्वपूर्ण आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

समारोह में संस्थान के सभी प्राध्यापकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संस्थान की गौरवशाली परम्पराओं, शैक्षणिक उपलब्धियों और भविष्य के प्रति नई उम्मीदों के साथ हुआ।