टीआईटी भिवानी में ज्ञानदीप सम्मान समारोह 2026 आयोजित : मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, उज्ज्वल भविष्य का आह्वान
भिवानी, 25 मई।*
वस्त्र विज्ञान एवं प्रौद्योगिकीय संस्थान टी आई टी भिवानी द्वारा 12वीं कक्षा में प्रथम श्रेणी एवं उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में आयोजित “ज्ञानदीप सम्मान समारोह–2026” उत्साह, गरिमा और प्रेरणा के वातावरण में संपन्न हुआ। संस्थान के केंद्रीय सभागार में आयोजित इस समारोह में भिवानी तथा आसपास के जिलों 500 से अधिक विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से आए मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों के परिश्रम, प्रतिभा एवं उत्कृष्ट उपलब्धियों को मान्यता प्रदान करना तथा उन्हें उच्च शिक्षा एवं करियर निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
अपने स्वागत उद्बोधन में संस्थान के निदेशक प्रो. बी. के. बेहरा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय प्रतिनिधियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि सफलता केवल उच्च अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि निरंतर सीखने, अनुशासन, जिज्ञासा और सकारात्मक दृष्टिकोण से जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त की जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलती वैश्विक परिस्थितियों, उभरती प्रौद्योगिकियों तथा कौशल-आधारित शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि आज के युवा ही भारत के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने तथा नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी दक्षता को अपनाने का आह्वान किया।
प्रो. बेहरा ने संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, आधुनिक प्रयोगशालाओं, उद्योग-अनुकूल पाठ्यक्रमों, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट व्यवस्था तथा छात्र-केंद्रित शिक्षण वातावरण की जानकारी देते हुए बताया कि टीआईटी एंड एस भिवानी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संस्थान केवल डिग्री प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को सक्षम, उत्तरदायी और सफल पेशेवर बनाने का कार्य कर रहा है।
समारोह के दौरान संस्थान द्वारा आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों के वरिष्ठ प्राचार्यों एवं शिक्षाविदों को भी शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यालयों के समर्पित शिक्षकों और प्राचार्यों के मार्गदर्शन के बिना विद्यार्थियों की उत्कृष्ट उपलब्धियाँ संभव नहीं हैं। उनके प्रयास ही समाज में ज्ञान, संस्कार और उत्कृष्टता की मजबूत नींव रखते हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्हें बताया गया कि संस्थान में बी.टेक. टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी, टेक्सटाइल केमिस्ट्री, फैशन एवं अपैरल इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग तथा कंप्यूटर इंजीनियरिंग के साथ-साथ बीबीए, एमबीए एवं एम.टेक. पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को भविष्य की रोजगार संभावनाओं, उभरते तकनीकी क्षेत्रों तथा उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी दी।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने संस्थान की शैक्षणिक सुविधाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, छात्रावास एवं अन्य अधोसंरचनात्मक सुविधाओं का अवलोकन भी किया। अनेक विद्यार्थियों ने संस्थान की आधुनिक सुविधाओं और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान परिवार की ओर से सभी सम्मानित विद्यार्थियों, प्राचार्यों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। ज्ञानदीप सम्मान समारोह–2026 ने न केवल मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित किया, बल्कि उन्हें उच्च शिक्षा, तकनीकी उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करने का भी महत्वपूर्ण कार्य किया। समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और प्रतिभागियों के लिए एक प्रेरणादायी अनुभव सिद्ध हुआ।