Tosham Sewa Setu Camp MP Dharambir Singh: पात्र नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें - सांसद धर्मबीर सिंह
पात्र नागरिक जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे: सांसद चौ. धर्मबीर सिंह
बीडीपीओ कार्यालय में सेवा सेतु कैम्प का सांसद धर्मबीर सिंह ने किया निरीक्षण
सेवा संकल्प अभियान के तहत बीडीपीओ कार्यालय तोशाम में लगा सेवा सेतु कैंप
तोशाम, 28 सितंबर। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को बीडीपीओ कार्यालय तोशाम में सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया। सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने कैंप का अवलोकन किया। इस अवसर पर एसडीएम संदीप कुमार, नायब तहसीलदार अशोक कुमार, जिला कल्याण अधिकारी देवेंद्र सिंह उपस्थित रहे। कैंप में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकारी सेवाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टालों के अवलोकन के दौरान सांसद ने प्रत्येक विभाग से उनकी योजनाओं के बारे में गहनता से जानकारी ली । सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। सेवा सेतु कैंप सरकार और आमजन के बीच सीधे संवाद का माध्यम बन रहे हैं। एक ही जगह कई विभागों की सेवाएं मिलने से लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। इससे योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी बहुत आसान हो जाती है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे कैंप में पहुंचकर अपनी पात्रता के अनुसार योजनाओं की जानकारी लें और सुविधाओं का लाभ उठाएं।
कैंप में अधिकारी और कर्मचारी मौके पर ही पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए हर पात्र नागरिक को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र नागरिक योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से सेवा सेतु कैंप जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी के साथ उनका लाभ लेने की प्रक्रिया भी सरलता से उपलब्ध हो। सांसद ने एसडीएम को निर्देश दिए की शिविर में बैंक अधिकारियों की उपस्थित सुनिश्चित करें ताकि लोन आदि की प्रक्रिया का मौके पर ही समाधान हो।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अलावा तोशाम के सरपंच राजेश तंवर, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान राजेन्द्र सिंह, पंकज कौशिक, पंचायत समिति के चेयरपर्सन प्रतिनिधि सोनू पंघाल, वाइस चेयरमैन सुनील भारीवास, मास्टर अश्वनी कुमार, संदीप सूरा, विकास सिंगला, पारस मिरान आदि गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।