{"vars":{"id": "123258:4912"}}

गीता जयंती समारोह में ट्रैफिक जागरूकता प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र

 

साइबर क्राइम थाना भिवानी की टीम ने विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट व आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक।

जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह के तहत 29 नवंबर से 01 दिसंबर तक किरोड़ीमल पार्क, भिवानी में आयोजित तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम में जिला पुलिस भिवानी द्वारा लगाई गई ट्रैफिक जागरूकता प्रदर्शनी ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

प्रदर्शनी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट, युवाओं व आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर यातायात सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को जाना।

ट्रैफिक प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र

पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के दिशानिर्देशानुसार जिला ट्रैफिक पुलिस द्वारा स्थापित इस प्रदर्शनी में

विभिन्न प्रकार के ट्रैफिक संकेत व चिन्ह,

नियम उल्लंघन के दुष्परिणाम,

सीटबेल्ट व हेलमेट उपयोग का महत्व,

नशे में वाहन चलाने,

ओवरस्पीडिंग,

मोबाइल फोन के उपयोग से होने वाली दुर्घटनाओं
को अत्यंत सरल भाषा व आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से समझाया गया।

ट्रैफिक पुलिस टीम ने बच्चों को व्यवहारिक उदाहरणों व छोटे-छोटे डेमो के माध्यम से बताया कि सड़क पर की गई एक छोटी-सी गलती भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। स्कूली बच्चों ने ट्रैफिक पुलिस द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देकर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया और सड़क सुरक्षा के बारे में नई सीख प्राप्त की।

एसपी भिवानी का संदेश : “सड़क सुरक्षा सबकी ज़िम्मेदारी”।

पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार ने कहा कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान, स्कूल कार्यक्रम व जनता संवाद आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा—
“सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का पालन स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की जान भी बचाता है।”

उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी जिला पुलिस इसी प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।

साईबर क्राईम थाना भिवानी की टीम ने दी महत्वपूर्ण जानकारी।

थाना साईबर क्राईम भिवानी की टीम के विजय कुमार व विष्णु कुमार के नेतृत्व में, प्रदर्शनी स्थल पर उपस्थित विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट व आमजन को वर्तमान में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। लोगों को निम्न बिंदुओं पर विशेष रूप से जागरूक किया गया—

बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, केवाईसी अपडेट, ओटीपी, क्यूआर कोड, सोशल मीडिया फ्रॉड

ऑनलाइन खरीदारी, फर्जी कस्टमर केयर, निवेश योजनाओं से जुड़ी धोखाधड़ी

साइबर अपराध से बचने के महत्वपूर्ण उपाय

किसी भी प्रकार की ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की सलाह

साइबर अपराध रिपोर्ट करने के लिए www.cybercrime.gov.in वेबसाइट का उपयोग कैसे करें

साइबर टीम द्वारा लगाए गए जागरूकता स्टॉल को आमजन ने बेहद सराहा।