भिवानी में महिला कबड्डी खिलाड़ियों का ट्रायल कल से
भिवानी के गांव नीमड़ीवाली में वुमेन कबड्डी लीग (WKL) फेडरेशन द्वारा कबड्डी चयन ट्रायल प्रतियोगिता के लिए कैंप आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर WKL के पदाधिकारियों ने रविवार को भिवानी में मीडिया को जानकारी दी।
वुमेन कबड्डी लीग (WKL) फेडरेशन के लीग एडवाइजर डॉ. भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पुरुषों के लिए जैसे प्रो कबड्डी लीग होती है, उसी प्रकार लड़कियों को सशक्त करने के लिए डब्ल्यूकेएल करवा रहे हैं। ताकि ग्रामीण अंचल में खेल को बढ़ावा दिया जा सके और जिन बच्चियों व बेटियों को मौका नहीं मिल पाता, उन्हें यह मौका दिया जाए। इसके लिए रीजन वाइज ट्रायल किए जाएंगे। जिसके बाद पूरे देश से ट्रायल ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि भिवानी जिले के गांव नीमड़ीवाली में 28 अप्रैल से ट्रायल कैंप शुरू हो रहा है।
इस दौरान ट्रायल भी होगी और कैंप भी आयोजित किया जाएगा। लगभग 500 से अधिक बच्चियां इस कैंप में भाग लेंगी। यह कैंप 12 दिनों तक चलेगा। इस कैंप के बाद खिलाड़ियों की ऑक्शन होगी। कुल 8 टीमें रहेंगी। जो कुल 59 मैच खेलेंगे। यह नेशनल लेवल की प्रतियोगिता होगी, जिसमें सीनियर कैटेगरी के बच्चे भाग लेंगे। इस दौरान सोशल वर्कर योगेश कांतीवाल आदि मौजूद रहे।
डॉ. भूपेंद्र सिंह ने कहा कि इसके लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। जिसके लिए बच्चों ने ऑनलाइन आवेदन भी किए हुए हैं। वहीं ड्ब्ल्यूकेएल के मैच दिल्ली में आयोजित करवाए जाएंगे। खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफार्म देने के लिए WKL काम करेगा। यह महिला कबड्डी खिलाड़ियों के चयन ट्रायल प्रतियोगिता के लिए कैंप आयोजित किया जा रहा है।