{"vars":{"id": "123258:4912"}}

स्कूलों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात में शामिल गिरोह के दो सदस्यों गिरफ्तार

 

पुलिस टीम द्वारा आरोपियों से 14 की-बोर्ड, 01 प्रिंटर, 05 एलईडी, 05 एलईडी स्टैंड, 02 हार्ड डिस्क, 15 माउस व 14 यूपीएस बैटरियां बरामद की गई हैं।

पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिले में सरकारी स्कूलों में रात के समय होने वाली चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने तथा ऐसे गिरोहों के सदस्यों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू की टीम ने सरकारी स्कूलों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तालू की प्राचार्य द्वारा थाना सदर भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायत में बताया गया कि दिनांक 02.01. 2026 की रात अज्ञात चोर स्कूल का ताला तोड़कर अंदर घुसे और प्रिंटर, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, यूपीएस, एलईडी व अन्य सामान चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना सदर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान दिनांक 17.04. 2026 को प्रभावी कार्रवाई करते हुए डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू के एएसआई विनोद कुमार ने माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि पुत्र अजमेर, निवासी गांव जिंदराण जिला रोहतक तथा शेर सिंह पुत्र धीर सिंह, निवासी गांव नानोद जिला रोहतक के रूप में हुई है।

पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया, जिसके दौरान उनसे चोरी किया गया सामान बरामद किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं, जो जिला भिवानी सहित अन्य जिलों में सरकारी स्कूलों को निशाना बनाकर रात के समय चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

आज आरोपियों को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए हैं। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।