{"vars":{"id": "123258:4912"}}

 रॉन्ग साइड कार कंटेनर से टकराई, 2 युवतियों की मौत 

 

मुरादाबाद में रॉन्ग साइड चल रही कार को कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में दो युवतियों की मौत हो गई। कार 2 फीट हवा में उछलकर दूर जा गिरी। कार के पखच्चे उड़ गए। गाड़ी के चारों गेट लॉक हो गए। एक घंटे तक चारों दोस्त अंदर तड़पते रहे।

पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद गेट खोलकर सभी को बाहर निकाला। दो युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। दो युवक गंभीर रूप से घायल थे। घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसा मंगलवार देर रात दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मूंढापांडे पुलिस चौकी के पास हुआ।

हरियाणा के रोहतक के रहने वाले 4 दोस्त नैनीताल में बाबा नीम करोली के दर्शन करके घर लौट रहे थे। पुलिस ने लोगों को रेस्क्यू किया तो मोबाइल में गूगल लोकेशन ऑन थी। इससे आशंका जताई जा रही कि कार गूगल मैप की लोकेशन पर ड्राइव हाे रही थी। 

पुलिस ने बताया कि गूगल मैप हाईवे के एक कट पर कार को रॉन्ग साइड ले गया। नतीजा ये हुआ कि कार जीरो पॉइंट पर लखनऊ-दिल्ली हाईवे स्थित मूंढापांडे पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर सामने से आ रहे कंटेनर से टकरा गई। कंटेनर में पुल निर्माण में काम आने वाले सीमेंट से बने बड़े-बड़े पाइप लदे थे। टायरों से भरा एक ट्रक भी टकराकर पलट गया।

चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार करीब 2 फीट तक हवा में उछली और फिर पुलिस चौकी के पास बने टीले पर जा गिरी। एक्सीडेंट के बाद कार के चारों दरवाजे लॉक हो गए।