पीड़ित को निर्धारित समयावधि में सहायता राशि प्रदान की जाए: डीसी
भिवानी,
डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में वीरवार को एससी/एसटी से संबंधित जिला सतर्कता एवं निगरानी कमेटी की बैठक का आयोजन हुआ।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ित को निर्धारित समयावधि में सहायता राशि प्रदान की जाए। इसके साथ ही एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज हुए केसों के क्रियान्वयन पर ठोस कार्रवाई की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अगर कोई एक्ट के तहत निराधार केस मिलता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
डीसी श्री गुप्ता ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन केसों में चालान न्यायालय में प्रस्तुत किए जाते हैं तो उसी समय उसकी एक प्रति जिला कल्याण अधिकारी के कार्यालय में भी भिजवाई जाए और जल्द से जल्द चालान न्यायालय में पेश किए जाए। केसों के ऑनलाइन करने में देरी न की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे एससी/एसटी एक्ट का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें ताकि पीड़ित व्यक्तियों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की घटनाओं से पीड़ित एससी/एसटी जाति वर्ग के लोगों को सरकार की हिदायतों के अनुसार तुरंत प्रभाव से आर्थिक व कानूनी सहायता दिलवाने में मदद करें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लंबित केसों व अखराज किए गए केसों का भी पूरा विवरण बैठक में लेकर आए।
जिला कल्याण अधिकारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत एक जून से 31 अक्टूबर 2025 तक जिला में कुल 26 केस एसी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं। छह केसों के पीड़ितों को आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 9 केसों की प्रथम व द्वितीय किस्त बजट आते ही आर्थिक सहायता जारी कर दी जाएगी। एक केस में जिला न्यायवादी से मार्गदर्शन लेना है और दो केस पीड़ितों द्वारा ऑनलाईन नही कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि आठ केस अखराज यानि कैंसिल किए गए हैं।
बैठक में इस दौरान जिला न्यायवादी के अलावा सदस्य अजय सरोहा, सहायक प्रोफेसर पूनम, वीएस नरेन्द्र खटक, गैर सरकारी सदस्यो में ख्यालीराम, मुकेश कुमार, रणबीर फौजी, एडवोकेट अशोक बिडलान, नव दुर्गा सेवा सहयोग संस्था की प्रधान उर्मिला सैनी, प्रभा सेवा समिति से संजय शर्मा, फेडरेशन ऑफ भिवानी से नवीन गुप्ता, सहायक प्रवीन कुमार व जिला कल्याण विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।