सागवान के जलभराव निकासी हेतु मदद करने प्रशासन के साथ आगे आए ग्रामीण व
भिवानी :
तोशाम क्षेत्र के बाढ़ पीडि़त गांव सागवान में जल भराव निकासी हेतु प्रशासन के अलावा सामाजिक संगठन किसान सभा, युवा कल्याण संगठन व आस-पास के ग्रामीणों विशेषकर मिराण ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए।
अखिल भारतीय किसान सभा मिराण एकाई तथा ग्रामीणों ने गांव में सहयोग एकत्रित करके नरेंद्र सिहाग के नेतृत्व में एक टीम ने जलभराव निकासी के लिए सागवान को 2 हजार लीटर डीजल गांव सरपंच बलजीत सिंह को सुपुर्द किया।
इस अवसर पर किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल, भारतीय किसान यूनियन के नेता सोनू मालपुरिया और उनकी टीम उपस्थित रही।
इस अवसर पर किसान सभा के जिला उपप्रधान व माकपा नेता कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि वह और उनके संगठन व पार्टी सागवान व अन्यजल भराव पीडि़त प्रभावित गांव की इस संकट की घड़ी में हरसंभव मदद कर रहे हैं तथा अपने स्तर पर डीजल के लिए 50 हजार रुपये की मदद करेंगे।
उधर युवा कल्याण संगठन के संरक्षक कमल प्रधान भी गांव में लगातार मदद पहुंचाने के लिए अपने संगठन की तरफ से काम कर रहे है तथा गांव में मैडिकल दवाईयां भिजवा रहे है। किसान सभा ने जिला प्रशासन से अपील की है कि वे भिवानी-घग्गर ड्रेन का पानी निगाणा फीडर में डाला जाए तथा सागवान की तरफ पानी जाने वाले तीन मोगों को रोका जाए। गांव में भरे हुए पानी को शीघ्र निकाला जाए तथा बर्बाद फसलों व ध्वस्त घरों की विशेष गिरदावरी करवाकर न्यायोचित मुआवजा दिलाया जाए।
गांव में संभावित बीमारी फैलने पर रोक लगाते हुए मैडिकल कैंप लगाए जाएं। गांव में मच्छर मारने हेतु फोगिंग की जाए, पीने के पानी व पशुओं के चारे की व्यवस्था की जाए। मजदूरों को मुआवजे के साथ मनरेगा का 200 दिन लगाकर 600 रुपये प्रतिदिन दिहाड़ी दी जाए। इस अवसर पर गांव के कई नागरिक मोजूद थे।