लोकतंत्र को बचाने की एक निर्णायक लड़ाई साबित होगी वोट चोर-गद्दी छोड़ महारैली : अशोक सिवाच
भिवानी :
अखिल भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा 14 दिसंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली वोट चोर-गद्दी छोड़ महारैली को लेकर भिवानी में तैयारियां जोरों पर हैं।
लोकतंत्र और जनादेश की रक्षा के उद्देश्य से आयोजित इस महारैली में भिवानी जिले से सैकड़ों कार्यकर्ताओं का जत्था अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा। इस विशाल काफिले का नेतृत्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विदेशी मामले विभाग के उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह करेंगे।
रैली में भिवानी से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने और युवाओं की जिम्मेदारियां तय करने के लिए शुक्रवार को स्थानीय विद्या नगर धर्मशाला में एक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक को युवा शक्ति बदलाव की ओर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के प्रवक्ता अशोक सिवाच ने संबोधित किया।
बैठक में युवाओं में जोश भरते हुए अशोक सिवाच ने कहा कि यह समय चुप बैठने का नहीं, बल्कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे गांव-गांव और वार्ड स्तर पर संपर्क कर युवाओं को इस मुहिम से जोड़ें।
सिवाच ने कहा कि 14 दिसंबर की रैली को सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। यह लोकतंत्र को बचाने की एक निर्णायक लड़ाई है।
इस महारैली का मुख्य एजेंडा जनादेश की डकैती का हिसाब तय करना है। सिवाच ने जोर देकर कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में जनता के मत का सम्मान नहीं हो रहा है और इसी के खिलाफ युवा कांग्रेस ने यह बिगुल फूंका है।
भिवानी से जाने वाले काफिले के बारे में जानकारी देते हुए सिवाच ने बताया कि भिवानी जिले के युवा भारी तादाद में रामलीला मैदान पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि भिवानी से जाने वाला यह काफिला यह साबित करेगा कि हरियाणा का युवा सो नहीं रहा है, बल्कि वह अपने अधिकारों और देश के लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति पूरी तरह सजग है। इस अवसर पर विरेंद्र किरोड़ी, अमित घणघस, नकुल श्योराण, मंजीत जताई, भागु प्रधान, विरेंद्र, सुखबीर कमांडो, धर्मेद्र बल्हारा, नवीन, राजकुमार शर्मा, छोटू ठेकेदार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।