गर्मी की दस्तक के साथ हालुवास में जल संकट गहराया
भिवानी :
सूरज के तेवर तल्ख होते ही ग्रामीण इलाकों में पेयजल को लेकर हाहाकार मच गया है। ताजा मामला गांव हालुवास का है, जहां पिछले 10 दिनों से पेयजल की सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी है।
गर्मी के बीच बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। स्थिति यह है कि लोगों को दैनिक कार्यों के लिए भी दूर-दराज के खेतों या महंगे दामों पर पानी के टैंकर मंगवाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
गांव के सरपंच मुकेश कुमार ने गांव की बदहाली पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि यह समस्या नई नहीं है। पिछले करीब डेढ़ वर्षों से गांव हालुवास में पेयजल आपूर्ति की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि गर्मी शुरू होते ही स्थिति और भी विकराल हो जाती है, जिससे ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष गांव के समीप स्थित डोभी में एक अतिरिक्त वाटर टैंक बनवाने का प्रपोजल सरकार को भेजा गया था तथा सरकार और संबंधित विभाग की ओर से आश्वासन मिला था कि ग्रांट (बजट) जारी होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन अभी धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ, जिसके कारण सप्लाई चेन पूरी तरह बाधित है।
सरपंच मुकेश कुमार ने बताया कि जब भी वे पेयजल आपूर्ति की मांग को लेकर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क करते हैं, तो उनका एक ही रटा-रटाया जवाब मिलता है कि पीछे से ही पानी नहीं आ रहा। सवाल यह है कि अगर पीछे से पानी नहीं आ रहा, तो विभाग ने वैकल्पिक इंतजाम क्यों नहीं किए। उनका आरोप है कि अधिकारी समस्या का समाधान करने के बजाय पल्ला झाड़ रहे हैं। एक ओर सरकार हर घर नल से जल का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर हालुवास जैसे गांवों में लोग 10-10 दिनों तक पानी का चेहरा नहीं देख पाते।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सप्लाई सुचारू नहीं की गई और डोभी में नए टैंक का निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो वे सडक़ों पर उतरने को मजबूर होंगे।
उन्होंने मांग की कि गांव हालुवास में पिछले 10 दिनों से रुकी हुई सप्लाई को तुरंत बहाल किया जाए, डोभी में नए वाटर टैंक के निर्माण हेतु रुकी हुई ग्रांट तुरंत जारी की जाए, गर्मी के मौसम को देखते हुए टैंकरों के माध्यम से अस्थाई जलापूर्ति सुनिश्चित हो। इस अवसर पर पूर्व सरपंच हरीश कुमार, पवन शर्मा, सतनारायण शर्मा, निहाल सिंह, कुलदीप तंवर, हरीश कुमार शर्मा, अमित कुमार, रामकिशन पूर्व जिला पार्षद, शंकर, रवि, पंच करतार सहित गांव के गण मान्य व्यक्ति मौजूद रहे।