युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से भी अवगत कराते है गौसेवा के कार्य : शंकर धूपड़
भिवानी:
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव की गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई दे रही है। इसी कड़ी में छोटी काशी भिवानी में भी धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
गीता महोत्सव के उपलक्ष्य में शिव शक्ति सनातन धर्म चैरिटेबल ट्रस्ट एवं बाबा भगतू चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा वीरवार को स्थानीय महम रोड स्थित गौशाला में एक भव्य गौ पूजन और यज्ञ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह जानकारी देते हुए प्रधान ओमपति व प्रदीप सोनू शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सनातन संस्कृति में गौ सेवा के महत्व को उजागर करना और गीता के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत यज्ञ के साथ हुई।
इसके बाद विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ गौ माता का पूजन किया गया। इस अवसर पर गौशाला में विशेष साज-सज्जा की गई तथा श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था रही। इस आयोजन में भाजपा राष्ट्रीय परिषद के सदस्य शंकर धूपड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि गौ सेवा परम धर्म है और गीता महोत्सव के दौरान ऐसे आयोजन का महत्व और भी बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति गौसेवा को सबसे बड़ी सेवा माना गया है तथा इस प्रकार के कार्यक्रम युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से भी अवगत करवाते है।
इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय परिषद के सदस्य शंकर धूपड़, शिव कुमार पाराशर, रामोतार पराशर, डॉ मदन मानव, आत्मप्रकाश टुटेजा, चंदा गुप्ता, मुदगिल, संतोष हुड्डा, शशी परमार, कमलेश, मनजीत तलवर, मनजीत प्रजापति, सुनीता तंवर, सुशीला देवी, हैप्पी, विकास, अंकित किरावड़, मुन्नी रोहिल्ला, शिवराज बागड़ी, सोनू सैनी, विजय मोहनपुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।