हमें छुआछूत जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से नष्ट करना होगा-डा. इंद्रेश कुमार
भिवानी :
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर, संघ के वरिष्ठ प्रचारक और मार्गदर्शक डा. इंद्रेश कुमार गृह संपर्क अभियान के तहत हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर के निवास स्थान पर पहुंचे। यह भेंट एक अनौपचारिक और सार्थक संवाद का मंच बनी, जहां डा. इंद्रेश कुमार ने समाज के महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया।t
चर्चा का मुख्य केंद्र पंच परिवर्तन-सामाजिक समरसता, पर्यावरण, कुटुम्ब प्रबोधन, स्वदेशी एवं नैतिक कर्तव्य रहा। समाज में आपसी समरसता और वंचित वर्गों के उत्थान पर अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. इंद्रेश कुमार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि समाज में आपसी समरसता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है, हमें छुआछूत जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से नष्ट करना होगा।
डॉ. इंद्रेश कुमार ने पर्यावरण की सुरक्षा को राष्ट्रीय कर्तव्य बताते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और एकल-उपयोग प्लास्टिक के उपयोग न करने के लिए जन-जागरण अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भावी पीढिय़ों के लिए एक स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर बोर्ड उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में की जा रही विभिन्न योजनाओं और सुधारात्मक कदमो की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बोर्ड का लक्ष्य न केवल शिक्षा को पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखना है, बल्कि विद्यार्थियों में व्यवहारिक ज्ञान, जीवन कौशल और सांस्कारिक शिक्षा का विकास भी करना है। बोर्ड उपाध्यक्ष द्वारा डॉ0 इंद्रेश कुमार को शॉल भेंट करते हुए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।