मौसम अपडेट 28 जून: मानसून का अलर्ट, जानें दिल्ली-यूपी में कब होगी बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 28 जून को देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहेगा। दक्षिण, पश्चिम, मध्य और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में रविवार को भारी बारिश होगी। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी आशंका जताई गई है।
उत्तर भारत में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, लेकिन राज्य के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यूपी में कब तक होगी बारिश?
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी, उमस और लू का प्रकोप अगले तीन दिनों तक जारी रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि इसके बाद इसमें 8 से 10 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। शनिवार को लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, बरेली, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, अलीगढ़ समेत कई जिलों में लू चली, जबकि आगरा 42.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। कई जिलों में हीट इंडेक्स 50 से 60 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। 28 से 30 जून तक प्रदेश के अनेक जिलों में लू और कुछ स्थानों पर भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 11 बजे से 3 बजे तक धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है।
राजधानी दिल्ली के मौसम का हाल जानिए
राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है लेकिन एक दिन पहले की तुलना में इसमें 2.1 डिग्री की वृद्धि हुई है। राष्ट्रीय राजधानी के अन्य मौसम केंद्रों पर भी शनिवार को न्यूनतम तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी दर्ज की गई। आईएमडी के अनुसार, शनिवार तड़के दिल्ली के कुछ हिस्सों में बहुत कम मात्रा की बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान जताया है। रविवार को अधिकतम तापमान में और गिरावट आ सकती है और इसके 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
आईएमडी ने मछुआरों, किसानों और आम नागरिकों से मौसम संबंधी ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की अपील की है। भारी वर्षा वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने को कहा गया है। इसके अलावा, बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों में न रुकने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसूनी गतिविधियां सक्रिय बनी रहेंगी, जिससे कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।