कारोबारी दंपती की कार नहर में गिरी, पत्नी की मौत, पति लापता
हरियाणा में आज पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। अंबाला, फतेहाबाद, महेंद्रगढ़ और जींद में सुबह से हलकी से लेकर मध्यम बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने दोपहर 1 बजे तक हिसार, फतेहाबाद, पानीपत, करनाल, यमुनानगर, जींद, कैथल, सिरसा, कुरुक्षेत्र, अंबाला में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
वहीं, प्रदेश में अगले 4 दिनों तक बारिश होने का अनुमान है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक, 5 अगस्त तक मानसून एक्टिव रहेगा।
गुरुवार देर रात करनाल में फर्नीचर कारोबारी दंपती क्रेटा कार समेत पश्चिमी यमुना नहर में गिर गए। कारोबारी अमित मिगलानी सेक्टर 13 के रहने वाले थे और वह घर पर दोनों बच्चों को घर छोड़कर पत्नी निशा मिगलानी के साथ घूमने निकले थे। कैथल रोड पर अचानक उनकी कार नहर में गिर गई।
करनाल के गोताखोर कर्ण उस वक्त वहां से निकल रहे थे, उन्होंने नहर में कार की बैक लाइट देखी और एक महिला और पुरूष को कार से चिल्लाते हुए सुना। दोनों बचाओ-बचाओ की आवाज लगा रहे थे। गोताखोर कर्ण ने बताया कि शायद यह कार काछवा पुल से गिरी और करीब एक-डेढ़ किलोमीटर दूर तक बहती हुई आ रही थी, उन्होंने तुरंत नहर में छलांग लगा दी और कार का पीछा किया।
पानी का बहाव तेज था, इसलिए वह कार को नहीं पकड़ सके। जिसके बाद कार नहर में डूब गई। जिसके बाद वे नहर से बाहर निकल आए और पुलिस को सूचना दी। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद कार को भी किनारे पर लगा लिया गया।
गोताखोरों ने कार को रस्सों से बांधा और हाइड्रा की मदद से कार को बाहर निकाला। जब कार को चेक किया गया तो उसके अंदर अमित मिगलानी की बॉडी नहीं मिली। कार के अंदर से दो मोबाइल मिले हैं। दोनों मोबाइल और कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।