शादी से पहले दिनदहाड़े युवती किडनैप
करनाल में दिनदहाड़े एक युवती को किडनैप कर लिया गया। परिवार का आरोप है कि एक युवती घर पर कमरा देखने के बहाने से आई।
बेटी और युवती गली में खड़ी होकर बात कर रही थीं, तभी उस युवती ने बेटी को थप्पड़ मार दिया। उसी समय एक कार आई और उसे कार में डाल लिया गया। आसपास के लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की तो युवकों ने उनके साथ भी मारपीट की।
इसके बाद युवती को कार में डालकर वहां से फरार हो गए। वारदात की सूचना के 20 मिनट बाद पुलिस वहां पहुंची, जिसके बाद इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। हालांकि, उनका अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। परिवार का कहना है कि लड़की की 12 नवंबर को शादी है और उससे पहले उसका अपहरण कर लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे जनकपुरी के पास गौशाला रोड पर हुई। वारदात से पहले ही गली में एक काले रंग की कार खड़ी थी, जिसमें 3 लोग सवार थे। उनमें से एक कार में ही बैठा रहा, जबकि 2 युवक नीचे उतरे और घर के बाहर खड़ी 2 युवतियों को पकड़ लिया। वे युवतियों को कार तक ले गए।
उन्होंने आगे बताया कि एक युवती ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसका गला पकड़कर थप्पड़ मारना शुरू कर दिया और जबरदस्ती कार में धकेल दिया। यह देखकर लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने आरोपियों को रोकने और युवती को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। आरोपी युवती को कार में डालकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को बुलाया गया, जो युवती के परिजनों को थाने ले गई।