{"vars":{"id": "123258:4912"}}

महिला छात्र संसद : महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई जोरदार बहस एवं चर्चा 

 

भिवानी  ।

चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में एआईयू द्वारा कुलगुरु प्रो दीप्ति धर्माणी के दिशा निर्देशन में विकसित भारत 2047 में नारी की भूमिका विषय पर आयोजित तीन दिवसीय महिला छात्र संसद के दूसरे दिन कई महत्वपूर्ण बिलों एवं मुद्दों पर प्रतिभागियों के मध्य जोरदार बहस एवं चर्चा हुई । चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में देश भर के विभिन्न 22 विश्वविद्यालयों से अनेक प्रतिभागियों ने इस राष्ट्रीय स्तर की महिला छात्र संसद में सहभागिता की।

एआईयू द्वारा आयोजित इस महिला छात्र संसद के आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा नेतृत्व, लोकतांत्रिक मूल्य और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। महिला छात्र संसद से महिला छात्रों को वाद विवाद,तर्क वितर्क एवं अपने विचारों की अभिव्यक्ति के साथ ही अपना पक्ष जोरदार तरीके से रखने के साथ संसदीय कार्य जानने और अपने अंदर बेहतर नेतृत्व करने के गुर सीखने के लिए एक बड़ा मंच प्रदान किया जा रहा है।
गौरतलब होगा कि चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय की मुख्य अधिकारी कुलगुरू प्रो दीप्ति धर्माणी एवं कुलसचिव प्रो भावना शर्मा दोनों ही महिला हैं तथा विश्वविद्यालय कैंपस में पढ़ने वाले छात्रों में लगभग 70 प्रतिशत महिला छात्र हैं और शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक में महिलाओं कर्मचारियों की संख्या भी अच्छी खासी है जो महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण है।

महिला छात्र संसद के द्वितीय सत्र में विकसित भारत 2047 के लिए महिला नेतृत्व वाले उद्यमों में खरबों डॉलर के अवसरों को खोलने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का लाभ उठाने के लिए विधान विषय पर विशेष चर्चा की गई।उपरोक्त विषय पर प्रतिभागियों ने पक्ष विपक्ष की भांति जोरदार तरीके से अपना अपना पक्ष रखा और तर्क वितर्क दिए ।
महिला छात्र संसद का आयोजन वास्तविक भारत की संसद की तर्ज पर किया गया ताकि विद्यार्थियों को संसदीय कार्य प्रणाली से रूबरू होने का अवसर मिल सके और वे अपने अंदर बेहतर लीडरशिप के गुण विकसित कर राजनीति को अपना कैरियर बनाकर राष्ट्र निर्माण में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दे सकें। दूसरे दिन महिला छात्र संसद में डीन प्रो संजीव कुमार,डीन  स्टूडेंट वेलफेयर डॉ सुरेश मालिक,आयोजन सचिव डॉ सोनल शेखावत, डॉ प्रीति,जनसंपर्क एवं मीडिया सेल कोऑर्डिनेटर ऋषि शर्मा,अनुराग सचान सहित टीम मैनेजर्स एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।