विश्व उद्यमिता दिवस का आयोजन 22 अगस्त से 4 सितम्बर तक होगा
भिवानी।
हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा 21 अगस्त को चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार में विश्व उद्यमिता दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में मुख्यमंत्री नायब सैनी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे और उद्यमिता पखवाड़े की शुरुआत करेंगे।
इस कार्यक्रम के लिए राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी संस्थानों को निर्देश दिए जा चुके हैं कि वे निर्धारित शेड्यूल के अनुसार अपने- अपने संस्थान में कार्यक्रम आयोजित करें।
डीसी साहिल गुप्ता ने ये जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों में 22 अगस्त से 4 सितम्बर तक उद्यमिता पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान स्लोगन, राइटिंग, पोस्टर मेकिंग तथा उद्यमिता पर विचार गोष्ठी पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में संस्थान स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेता घोषित किए जाएंगे। चार सितंबर को सभी शैक्षणिक संस्थानों से विजेता प्रतिभागी जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
सभी शैक्षणिक संस्थानों से प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय विजेता की सूचना संबंधित जिले के जिला नोडल राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य को चार सितंबर तक उपलब्ध करवाई ताकि नौ सितंबर को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा सके। उन्होंने बताया कि सभी शैक्षणिक संस्थान अपने-अपने उद्यमिता पखवाड़े कार्यक्रम से संबंधित फोटो व वीडियो को कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के माय भारत पोर्टल पर अपलोड करेंगे।