{"vars":{"id": "123258:4912"}}

छछरौली के फेरूवाला में मकान पर गिरी आसमानी बिजली, छत और दीवारें क्षतिग्रस्त

यमुनानगर के छछरौली स्थित फेरूवाला गांव में रात को एक मकान पर आसमानी बिजली गिर गई। हादसे में मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि बारिश के कारण परिवार के सदस्य समय रहते अंदर चले जाने से बाल-बाल बच गए।

 

यमुनानगर  : यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र के गांव फेरूवाला में बीती रात करीब साढ़े बजे आसमानी बिजली गिरने से एक घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मकान की छत और दीवारों में गहरी दरारें आ गईं, जबकि बाहर का छज्जा टूटकर गिर गया और उसके नीचे रखा कूलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

गनीमत रही कि बारिश शुरू होने पर परिवार कुछ देर पहले ही आंगन छोड़कर कमरे में चला गया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही सरपंच व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि इस हादसे में उन्हें काफी नुकसान हुआ है।

गांव फेरूवाला के सरपंच रवि ने पीड़ित परिवार से बातचीत के बाद बताया कि शंटि कुमार, पुत्र जसबीर सिंह, अपने माता-पिता, छोटे भाई, पत्नी और बेटी के साथ गांव के बस अड्डे के पास डेरे में रहता है। वह मजदूरी का काम करता है। रात को परिवार खाना खाने के बाद गर्मी के चलते बाहर आंगन में बिस्तर लगाकर सो रहा था।

रात करीब 3 बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिसके बाद परिवार के सदस्य बिस्तर उठाकर कमरे में सोने के लिए चले गए। कमरे में जाने के कुछ ही मिनट बाद तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली सीधे मकान पर गिरी। बिजली गिरने के बाद इतनी तेज आवाज हुई कि पूरा परिवार घबरा गया।

कमरे के अंदर छत से सीमेंट के टुकड़े नीचे गिरने लगे। जब परिजन बाहर निकले तो देखा कि मकान की दीवारों और छत में दरारें पड़ चुकी थीं और बाहर का छज्जा टूटकर गिरा हुआ था। इतना ही नहीं, बाहर रखा कूलर भी पूरी तरह टूट चुका था।

सरपंच रवि ने बताया कि अगर परिवार बारिश के कारण समय रहते कमरे में नहीं गया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। परिवार में शंटि कुमार के माता-पिता, छोटा भाई, पत्नी और एक बेटी हैं। गनीमत रही कि सभी सदस्य सुरक्षित हैं, लेकिन मकान को काफी नुकसान पहुंचा है।
 
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर सोमवार सुबह पटवारी अनिल मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। प्रशासन को भी पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है। सरपंच रवि ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार बेहद साधारण है और मजदूरी करके अपना गुजर-बसर करता है। बिजली गिरने से उनके मकान को भारी नुकसान हुआ है, इसलिए सरकार और प्रशासन को जल्द से जल्द उचित मुआवजा देकर परिवार की आर्थिक मदद करनी चाहिए।