{"vars":{"id": "123258:4912"}}

यमुनानगर: नहर में नहाते समय 15 वर्षीय किशोर डूबा, तलाश जारी

यमुनानगर के बाडीमाजरा पुल के पास नहर में 15 वर्षीय वंश डूबा। नारियल पकड़ने के चक्कर में हुआ हादसा। परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी।

 

यमुनानगर: बाडीमाजरा पुल के पास पश्चिमी यमुना नहर में रविवार दोपहर राजेंद्रनगर निवासी वंश (15) डूब गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वंश अपने दोस्तों संग नहर में नहाने आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वंश नहाते समय पानी में बहते नारियल को पकड़ने के लिए नहर में काफी आगे बढ़ गया। इस दौरान वंश ने नारियल पकड़ लिया, पर किनारे लौटते समय वह तेज बहाव में बह गया।

घटनास्थल पर मौजूद युवक ने बताया कि वंश कुछ दूरी तक पानी के साथ बहता दिखाई दिया। लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया और शोर मचाया। कुछ देर में वंश पानी की सतह पर फिर नजर आया, पर देखते ही देखते दोबारा पानी में समा गया। इसके बाद उसका पता नहीं चल पाया।

वंश की मां रूबी ने बताया कि उसके 3 बच्चे हैं जिनमें वंश सबसे छोटा बेटा था और पी.ओ.पी. का काम करता था। रविवार को परिवार के सदस्य काम पर गए हुए थे। उन्हें पता नहीं चला कि वंश कब घर से निकला। बाद में सागर नामक युवक का फोन आया जिसने उन्हें वंश के नहर में डूबने की सूचना दी। रूबी ने आरोप लगाते हुए बताया कि वंश व सागर के बीच पहले से विवाद चल रहा था। ऐसे में उन्हें समझ नहीं आ रहा कि घटना के समय सागर उसके साथ कैसे मौजूद था। सागर ने ही फोन कर डूबने की सूचना दी इसलिए उनकी मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। गोताखोर राजीव ने बताया कि किशोर की तलाश के लिए नहर में सर्च अभियान जारी है, पर देर शाम तक सफलता नहीं मिली।