ओलंपिक विजेता नीरज चौपड़ा के साथ भाग लेंगे यशवीर सिंह
भिवानी :
जिला के गांव देवसर निवासी एथलीट यशवीर सिंह ओलंपिक विजेता नीरज चोपड़ा के साथ विश्व मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार है।
यशवीर सिंह ने जैवलिन थ्रो में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है।
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो (जापान) में होगी। जिसके लिए गांव देवसर निवासी यशवीर सिंह ने क्वालीफाई किया है। यशवीर सिंह के अलावा इस चैंपियनशिप में ओलंपिक विजेता नीरज चौपड़ा व सचिन यादव भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यशवीर की उपलब्धि से ना केवल गांव देवसर, बल्कि समस्त जिला में खुशी व उत्साह का माहौल है तथा खेल प्रेमियों का कहना है कि यशवीर एक होनहार खिलाड़ी है तथा उन्हे पूरा विश्वास है कि इस चैंपियनशिप में वह गोल्ड मैडल जीतकर ना केवल गांव, बल्कि देश का नाम पूरे विश्व में रोशन करेगा।
इस बारे में सनफ्लैग मल्टी स्पेशिलिटी अस्पताल के प्रशासक डा. राजकुमार देवसर ने बताया कि यशवीर का यह सफर सिर्फ उनकी मेहनत का नतीजा नहीं, बल्कि उनके पिता राय सिंह के सपनों और मार्गदर्शन की भी कहानी है। उन्होंने बताया कि खुद एक राष्ट्रीय पदक विजेता और भाला फेंक के खिलाड़ी, राय सिंह ने अपने बेटे को भी इसी खेल में पारंगत किया। वे ही यशवीर के पहले और सबसे महत्वपूर्ण कोच बने।
डा. राजकुमार देवसर ने बताया कि यशवीर ने पहले भी कई प्रतियोगिताओं में अपनी काबिलियत साबित की है। मई 2025 में एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 82.57 मीटर का भाला फेंककर उन्होंने अपनी श्रेष्ठता दिखाई। इसके बाद जून 2025 में उज़्बेकिस्तान में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए।
अब टोक्यो में 13 से 21 सितंबर तक होने वाली 20वीं विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उनकी निगाहें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ एथलीटों के बीच अपनी जगह बनाने पर हैं।
जिला पार्षद मोनू देवसर भी यशवीर की इस उपलब्धि को गांव के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत मानते हैं। उन्होंने कहा कि यशवीर की यह सफलता दिखाती है कि कड़ी मेहनत, सही मार्गदर्शन और अटूट विश्वास के साथ छोटे से गांव का एक लडक़ा भी विश्व पटल पर अपनी पहचान बना सकता है।
पूरे गांव और परिवार को यशवीर से बहुत उम्मीदें हैं। उनके पिता राय सिंह को पूरा विश्वास है कि उनका बेटा ना सिर्फ इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतेगा, बल्कि भविष्य में ओलंपिक में भी देश के लिए पदक लाएगा। वही विश्व एथलीट चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई होने पर यशवीर सिंह ने कहा कि ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा के साथ मैदान में उतरना उनके लिए गर्व का क्षण होगा।
उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप के लिए उन्होंने खूब मेहनत की है तथा उन्हे पूरा विश्वास है कि इस प्रतियोगिता में वे स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेंगे। यशवीर सिंह के इस चयन पर पवन देवसर, फतेह देवसर, सरपंच संजय देवसर, डा. दिनेश सनसनवाल, डा. विजय सनसनवाल सहित अन्य ग्रामीणों ने खुशी जताई तथा यशवीर को बधाई दी।