{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हांसी में MLA जस्सी की जनसभा में युवक की मौत

 

हांसी

खरबला गांव में शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान साउंड सिस्टम लगाते समय करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान नरवाना के लोन गांव निवासी 35 वर्षीय अमिताभ के रूप में हुई है।

वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और उसके तीन बच्चे हैं।

यह घटना खरबला गांव में कर्पूरी ठाकुर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में हुई। नारनौंद के विधायक जस्सी पेटवाड़ इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले थे। अमिताभ कार्यक्रम स्थल पर साउंड सिस्टम लगाने का काम कर रहा था।

साउंड सिस्टम लगाते समय अमिताभ अचानक बिजली के तार की चपेट में आ गया। उसे तेज करंट लगा, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

अमिताभ पिछले कुछ समय से हांसी में चार कुतुब गेट के नजदीक किराए के मकान में रह रहा था। उसके साथियों ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूर था और ऑटो रिक्शा चलाने के साथ-साथ साउंड का काम भी करता था। शनिवार को वह रिक्शा में साउंड का सामान लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा था।

अमिताभ के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। साउंड का सामान उपलब्ध करवाने वाले मालिक ने बताया कि अमिताभ दिहाड़ी पर काम करता था और अपने काम के प्रति जिम्मेदार था। हादसे की सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे।

जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हांसी के सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद गांव में कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान सुरक्षा प्रबंधों पर सवाल उठाए जा रहे हैं।