चरखी दादरी में खूनी संघर्ष, युवक की मौत
चरखी दादरी
गांव बडेसरा में मामूली बात को लेकर हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। इस संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
मृतक युवक की पहचान 26 वर्षीय मंदीप पुत्र कर्मवीर निवासी गांव बडेसरा के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि 15-20 लोगों ने कुल्हाड़ी और डंडों से हमला किया। मृतक मंदीप की पत्नी नीलम ने अपनी 9 माह की बच्ची और खुद को दरवाजा बंद कर बचाया।
जानकारी के अनुसार, जिला चरखी दादरी के गांव बडेसरा में एक ही परिवार के दो युवकों के बीच दो दिन पूर्व हुई थी। कहासुनी के बाद मामूली झगड़ा भी हुआ था। जिसमें मृतक मंदीप को चोट आई थी।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, इसलिए इस घटना को अंजाम दिया गया है। अगर समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती।
1 अक्टूबर को आरोपी पक्ष के एक युवक ने उनके घर के सामने गाड़ी खड़ी कर ऊंची आवाज में साउंड बजाया और पशुओं पर भी गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। जिसे लेकर मृतक और आरोपी के बीच झगड़ा हुआ था। उसके बाद इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे दिया गया।
जानकारी मिलने पर बाढडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया, घायलों को अस्पताल भेजा गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
थाना बाढ़ड़ा के एएसआई चंद्रभान ने बताया कि रास्ते को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। एक पक्ष के एक युवक की मौत हो गई है। कुछ घायल को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।