नशे से दूर रहते हुए अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यो में लगाए युवा : विरेंद्र कौशिक
भिवानी :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सोमवार को स्थानीय भीम स्टेडियम में नमो युवा रन मैराथन का आयोजन किया गया। इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाने के लिए प्रेरित करना था। भाजपा के जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिन्होंने नशा मुक्त समाज-नशा मुक्त राष्ट्र का संदेश देते हुए दौड़ लगाई। मैराथन को रवाना करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी ऊर्जा को सही दिशा में लगाना बहुत महत्वपूर्ण है। इस मैराथन के माध्यम से हम युवाओं को यह संदेश देना चाहते हैं कि वे अपनी ऊर्जा को समाज और राष्ट्र के हित में लगाएं। कौशिक ने यह भी बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत 2 अक्टूबर तक जिले भर में विभिन्न सामाजिक कार्य आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य न केवल समाज का उत्थान करना है, बल्कि भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों को भी हर व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह मैराथन सिर्फ एक दौड़ नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक प्रयास था।
नमो रन की प्रदेश सहसंयोजक सरोज सिहाग ने कहा कि मैराथन के माध्यम से युवाओं को एक मंच प्रदान किया ताकि वे एक स्वस्थ और नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए अपनी आवाज उठा सकें। इस अवसर पर मीना परमार, जिला महामंत्री रमेश पचेरवाल व रेखा राघव, जिला उपाध्यक्ष विशाल जीत सिंह, राजेश जांगड़ा, रमेश, उमेद गुज्जर, डीएसओ विद्यानंद, अंकित पालुवास, रेणू बाला सैनी, दिनेश वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी राकेश मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।