Car AC Cooling Tips: गर्मियों में कार का AC नहीं दे रहा ठंडक? अपनाएं ये 5 आसान तरीके

गर्मियों में कार का AC कम ठंडा कर रहा है? गैस, फिल्टर और कंडेंसर की सफाई से लेकर कार पार्किंग तक, जानें कार AC की कूलिंग बढ़ाने के सबसे असरदार और आसान टिप्स।

 
कार एयर फिल्टर क्लीनिंग

 गर्मी के दिनों में कार चलाते समय अगर AC सही तरह से ठंडक न दे, तो सफर बेहद असहज हो जाता है. अक्सर लोग इसे बड़ी खराबी मान लेते हैं, जबकि हकीकत में इसके पीछे छोटी-छोटी वजहें होती हैं. समय के साथ AC गैस का स्तर कम होना, एयर फिल्टर का गंदा हो जाना या कंडेंसर पर धूल जमना कूलिंग को प्रभावित करता है. इसके अलावा, फैन या कूलिंग सिस्टम के अन्य हिस्सों में गड़बड़ी भी ठंडी हवा को कम कर सकती है.

इन बातों का रखें ध्यान

कई बार हमारी अपनी आदतें भी AC की क्षमता घटा देती हैं. उदाहरण के लिए, धूप में खड़ी कार में बैठते ही तुरंत AC चालू कर देना या गलत मोड का इस्तेमाल करना. इन गलतियों से AC पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और वह सही तरीके से काम नहीं कर पाता. अगर कुछ आसान बातों का ध्यान रखा जाए, तो बिना ज्यादा खर्च के कूलिंग बेहतर की जा सकती है.

बेहतर कूलिंग के लिए अपनाएं ये टिप्स

बेहतर कूलिंग के लिए सबसे पहले ये जरूरी है कि कार स्टार्ट करने से पहले कुछ मिनट के लिए दरवाजे या खिड़कियां खोल दी जाएं, ताकि अंदर की गर्म हवा बाहर निकल सके. इसके बाद AC चालू करें, जिससे ठंडक जल्दी महसूस होगी. शुरुआत में फैन स्पीड तेज रखें और केबिन ठंडा होने पर इसे कम कर दें.

AC फिल्टर को समय पर साफ करना

हमेशा AC को रीसर्कुलेशन मोड पर चलाना बेहतर रहता है, क्योंकि इससे बाहर की गर्म हवा अंदर नहीं आती और अंदर की हवा तेजी से ठंडी होती है. साथ ही, AC फिल्टर को समय-समय पर साफ करना या बदलना जरूरी है, क्योंकि गंदा फिल्टर एयरफ्लो को बाधित करता है.

कार को छांव में पार्क करें

जहां तक संभव हो, कार को छांव में पार्क करें या सनशेड का इस्तेमाल करें. इससे अंदर का तापमान कम रहेगा और AC को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी. इसके अलावा, समय-समय पर AC गैस की जांच करवाएं और जरूरत पड़ने पर भरवाएं. कंडेंसर को साफ रखना भी उतना ही जरूरी है.

मैकेनिक से जांच कराएं

अगर फिर भी कूलिंग में कमी महसूस हो, तो किसी मैकेनिक से जांच कराएं. समय पर सर्विस और सही देखभाल से न केवल AC की कूलिंग बेहतर रहती है, बल्कि उसकी लाइफ भी बढ़ती है और आप अनावश्यक खर्च से बच सकते हैं.