बदल रही है कार खरीदने की पसंद, छोटी कार और EV की बढ़ी मांग

बढ़ती महंगाई और तकनीक के दौर में दुनियाभर में कार खरीदने का तरीका बदल रहा है। लोग छोटी कार और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को प्राथमिकता दे रहे हैं।

 
car tech and safety features

दुनियाभर में कार खरीदने का तरीका तेजी से बदल रहा है. बढ़ती महंगाई, नई तकनीक और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की बढ़ती लोकप्रियता का असर ग्राहकों की पसंद पर साफ दिखाई दे रहा है. एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार अब लोग कार खरीदते समय सिर्फ कीमत ही नहीं, बल्कि तकनीक, सेफ्टी और लंबे समय में होने वाली बचत को भी अहम मान रहे हैं.

छोटी कार खरीदने पर विचार

यह रिपोर्ट चीन, जर्मनी, जापान, ब्रिटेन और अमेरिका के 20,000 से ज्यादा लोगों से बातचीत के आधार पर तैयार की गई है. इसमें सामने आया कि बढ़ती कीमतों के कारण कई लोग अपनी नई कार खरीदने का फैसला टाल रहे हैं. करीब एक-तिहाई लोगों ने कहा कि वे फिलहाल आर्थिक कारणों से नई कार नहीं खरीदेंगे. वहीं, लगभग आधे लोगों ने बताया कि वे बजट के अनुसार पहले से छोटी कार खरीदने पर विचार कर सकते हैं.

ईवी वाहनों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है

हालांकि, ग्राहक कम कीमत के लिए तकनीक और गुणवत्ता से समझौता नहीं करना चाहते. ज्यादातर लोगों का कहना है कि उन्हें ऐसी कार चाहिए जो अच्छी कीमत के साथ आधुनिक फीचर्स भी दे. इसलिए कंपनियों के लिए अब बेहतर वैल्यू और नई तकनीक दोनों देना जरूरी हो गया है.रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि इलेक्ट्रिक वाहनों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है. चीन इस मामले में सबसे आगे है, जहां बड़ी संख्या में लोग अपनी अगली कार के रूप में EV खरीदना चाहते हैं. यूरोप में भी इलेक्ट्रिक कारों की मांग मजबूत बनी हुई है, जबकि जापान और अमेरिका में भी लोगों की रुचि धीरे-धीरे बढ़ रही है.

दमदार फीचर्स से लैस

हालांकि, EV खरीदने से पहले लोग अभी भी चार्जिंग स्टेशन की उपलब्धता, बैटरी की लाइफ और कार की कीमत जैसी बातों को लेकर चिंतित हैं. इसके बावजूद पहले की तुलना में रेंज को लेकर लोगों की चिंता काफी कम हुई है. नई तकनीकों जैसे एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और स्मार्ट डिजिटल फीचर्स भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं. कई खरीदार बेहतर सेल्फ-ड्राइविंग तकनीक के लिए अपनी पसंदीदा कार कंपनी बदलने को भी तैयार हैं.

रिपोर्ट के अनुसार आने वाले समय में वही ऑटो कंपनियां सफल रहेंगी जो किफायती कीमत, आधुनिक तकनीक, बेहतर ग्राहक अनुभव और नई मोबिलिटी सेवाओं का सही संतुलन ग्राहकों को दे पाएंगी.