Bajaj Pulsar 180 की वापसी! नए अवतार में दिखी आइकॉनिक बाइक, जानें फीचर्स
बजाज पल्सर 180 फिर मचाएगी धूम! डीलरशिप पर स्पॉट हुई नई Pulsar 180, स्पोर्टी ग्राफिक्स और दमदार इंजन के साथ होगी लॉन्च। TVS Apache RTR 180 से होगी सीधी टक्कर।
देश की मशहूर टू-व्हीलर कंपनी बजाज ऑटो की आइकॉनिक बाइक Bajaj Pulsar 180 एक बार फिर भारतीय बाजार में वापसी करने के लिए तैयार है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हाल ही में इस बाइक को एक डीलरशिप पर देखा गया है, जिससे इसके जल्द लॉन्च होने के संकेत मिल रहे हैं. Pulsar 180 पहले कंपनी की परफॉर्मेंस बाइक लाइनअप का अहम हिस्सा रही है और युवाओं में काफी लोकप्रिय थी.
शोरूम में दिखी नई Bajaj Pulsar 180 में कंपनी ने क्लासिक Pulsar डिजाइन को बरकरार रखते हुए कुछ नए बदलाव किए हैं. इसका लुक हाल ही में अपडेट हुई Bajaj Pulsar 150 से काफी मिलता-जुलता है. बाइक में ब्लैक कलर के साथ रेड और ग्रे ग्राफिक्स दिए गए हैं, जो इसे स्पोर्टी लुक देते हैं. इसके अलावा, इसमें मजबूत फ्यूल टैंक, स्टाइलिश साइड पैनल और शार्प टेल सेक्शन दिया गया है. पीछे की तरफ ‘180’ का बैज साफ तौर पर दिखता है, जो इस मॉडल की पहचान को पक्का करता है.
मजबूत रोड प्रजेंस और बेहतर फीचर्स
इस बाइक में रियर डिस्क ब्रेक, 17-इंच के अलॉय व्हील्स और बड़ा ब्लैक एग्जॉस्ट दिया गया है, जिससे इसका लुक और भी दमदार हो गया है. इसका एग्जॉस्ट डिजाइन काफी हद तक Bajaj Pulsar 220F जैसा लगता है, जो इसे और ज्यादा स्पोर्टी बनाता है.
इंजन में भरोसेमंद परफॉर्मेंस
इंजन की बात करें तो नई Bajaj Pulsar 180 में वही 178.6cc का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन मिलने की उम्मीद है. हालांकि, इसे नए एमिशन नियमों और E20 फ्यूल के हिसाब से अपडेट किया जाएगा. पुराने मॉडल में यह इंजन 17 हॉर्सपावर और 14.2 Nm टॉर्क देता था और नई बाइक में भी लगभग इसी तरह की परफॉर्मेंस मिलने की संभावना है. इसमें 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया जाएगा, जिससे राइडिंग स्मूद बनी रहेगी.
जल्द लॉन्च और कड़ी टक्कर की तैयारी
रिपोर्ट्स के अनुसार, Bajaj Pulsar 180 की लॉन्चिंग भारत में बहुत जल्द हो सकती है. इसकी कीमत Bajaj Pulsar 150 और Bajaj Pulsar 220F के बीच रखी जा सकती है. यह बाइक सीधे तौर पर TVS Apache RTR 180 को टक्कर देगी. साथ ही, यह उन ग्राहकों को भी आकर्षित करेगी जो नए N-सीरीज मॉडल्स की बजाय क्लासिक Pulsar लुक पसंद करते हैं.

