Next-Gen Mitsubishi Pajero Unveil Date: नए अवतार और S-AWC ऑफ-रोड सिस्टम के साथ वापसी करेगी पजेरो

मित्सुबिशी की आइकॉनिक Pajero SUV 5 साल बाद नए अवतार में लौट रही है। 2 सितंबर 2026 को इसका ग्लोबल डेब्यू होगा। जानिए प्लेटफॉर्म और फीचर्स।
 
पजेरो ऑफ-रोडिंग फीचर्स

ऑफ-रोड SUV पसंद करने वालों के लिए Mitsubishi ने एक बड़ी खबर दी है. कंपनी ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि उसकी मशहूर Pajero SUV एक बार फिर वापसी करने वाली है. करीब पांच साल तक बाजार से दूर रहने के बाद अब यह SUV नई जनरेशन, नए डिजाइन और आधुनिक तकनीक के साथ लौटेगी.नई Pajero का ग्लोबल डेब्यू सितंबर 2026 में होगा। कई इंटरनेशनल मार्केट्स में इस SUV को Montero नाम से भी पेश किए जाने की संभावना है.

2 सितंबर को सामने आएगी नई Pajero

Mitsubishi के मुताबिक, पांचवीं जनरेशन की Pajero को 2 सितंबर 2026 को ग्लोबल स्तर पर पेश किया जाएगा. कंपनी ने इस नई SUV को पुराने मॉडल से काफी अलग और आधुनिक बनाने की तैयारी की है.

बता दें कि Mitsubishi ने 2021 में ग्लोबल मार्केट में Pajero का प्रोडक्शन बंद कर दिया था. इसके बाद से ही इस आइकॉनिक SUV की वापसी को लेकर चर्चाएं चलती रही हैं. अब कंपनी के ऐलान के बाद इसके चाहने वालों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है.

मजबूत लैडर-फ्रेम चेसिस पर होगी तैयार

नई Pajero की सबसे बड़ी खासियत इसका मजबूत प्लेटफॉर्म हो सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे बॉडी-ऑन-फ्रेम लैडर चेसिस पर तैयार किया जाएगा. यह प्लेटफॉर्म Mitsubishi Triton पिकअप से लिया जा सकता है.

हालांकि, नई Pajero को सिर्फ पिकअप का SUV वर्जन नहीं बनाया जाएगा. कंपनी के अनुसार इसके केबिन और सस्पेंशन को खासतौर पर SUV के हिसाब से विकसित किया जाएगा. इससे यात्रियों को बेहतर आराम और ज्यादा प्रीमियम ड्राइविंग एक्सपीरियंस मिलने की उम्मीद है.

ऑफ-रोडिंग के लिए मिलेगा S-AWC सिस्टम

नई Pajero में Mitsubishi का Super All-Wheel Control (S-AWC) सिस्टम दिए जाने की चर्चा है. यही तकनीक कंपनी की Triton पिकअप में भी इस्तेमाल होती है. इस सिस्टम की मदद से SUV को अलग-अलग तरह की सड़कों और मुश्किल इलाकों में बेहतर ट्रैक्शन और कंट्रोल मिल सकता है. ऑफ-रोड क्षमता को ध्यान में रखते हुए यह नई Pajero के सबसे महत्वपूर्ण फीचर्स में से एक हो सकता है.

इसके अलावा SUV के हाइब्रिड वर्जन को लेकर भी अटकलें हैं. कुछ रिपोर्ट्स में डीजल आधारित हाइब्रिड पावरट्रेन की संभावना जताई गई है, लेकिन इसके बारे में कंपनी की ओर से पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

Fortuner और Prado जैसी SUVs से मुकाबला

Mitsubishi नई Pajero को अपनी फ्लैगशिप SUV के तौर पर पेश कर सकती है. ऐसे में इसका मुकाबला Toyota Fortuner, Ford Everest, Toyota Prado और Isuzu MU-X जैसी दमदार SUVs से होने की उम्मीद है. कुछ बाजारों में इसे Montero नाम से उतारे जाने की भी संभावना है, जैसा कि Pajero के पुराने ग्लोबल मॉडल्स के साथ देखने को मिला है.

भारत में आएगी नई Pajero?

भारत में Pajero नाम का अपना अलग फैन बेस रहा है. पुराने मॉडल की मजबूत ऑफ-रोड क्षमता और अलग पहचान के कारण आज भी SUV प्रेमियों के बीच इसकी अच्छी यादें हैं.

हालांकि, फिलहाल Mitsubishi ने भारत में नई Pajero को लॉन्च करने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. इसलिए भारतीय बाजार में इसकी वापसी को लेकर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी. फिलहाल 2 सितंबर 2026 को होने वाले ग्लोबल डेब्यू पर सबकी नजर है. इसी दौरान SUV का पूरा डिजाइन, फीचर्स और तकनीकी जानकारी सामने आने की उम्मीद है.