Volkswagen Upcoming Cars India: वर्टस फेसलिफ्ट से लेकर नई SUV तक, VW लॉन्च करेगा 4 कारें

फॉक्सवैगन भारत में लॉन्च करेगा 4 नए मॉडल! वर्टस फेसलिफ्ट में मिलेगा 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स, साथ ही टायरोन और नई सब-4 मीटर SUV की लॉन्च डेट आई सामने।

 
Golf GTI new batch 2027

जर्मन ऑटोमोबाइल कंपनी फॉक्सवैगन ने हाल ही में भारत में Taigun का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च किया है, जिसके बाद अब वो भारत में एक नहीं बल्कि कुल चार कारें लॉन्च करने की तैयारी में है. अगर आप इन आने वाले मॉडलों की लॉन्चिंग डेट जानना चाहते हैं तो आज हम आपको इस खबर के माध्यम से इसके बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं.

वोक्सवैगन वर्टस फेसलिफ्ट

फॉक्सवैगन इंडिया द्वारा लॉन्च की जाने वाली पहली कार वर्टस मिड-साइज़ सेडान का फेसलिफ्टेड वर्जन होगी. भारतीय बाजार में 2022 से लॉन्च होने के बाद से ही ये सबसे सफल प्रीमियम सेडान में से एक है. अब, लगभग चार साल बाद, फॉक्सवैगन आखिरकार अपना पहला बड़ा फेसलिफ्ट लॉन्च करने के लिए तैयार है. फॉक्सवैगन वर्टस पहले से ही लोकप्रिय डिज़ाइन में कोई बड़ा बदलाव नहीं कर रही है. इसका बॉडी पैनल मौजूदा मॉडल के लगभग समान ही रहेंगे. केवल सामने के हिस्से में ही कुछ बदलाव देखने को मिलेंगे, जिन्हें थोड़ा अपडेट किया गया है ताकि सेडान को एक नया और आधुनिक लुक मिल सके. फ्रंट बम्पर को नया रूप दिया जाएगा.

Taigun फेसलिफ्ट की तरह, Virtus फेसलिफ्ट में भी वही डैशबोर्ड लेआउट होने की उम्मीद है. सबसे बड़ा अपडेट ये होगा कि 1.0-लीटर TSI इंजन के साथ 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन की जगह नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया जाएगा. लॉन्च होने के बाद, Virtus फेसलिफ्ट Hyundai Verna, Honda City और Skoda Slavia फेसलिफ्ट को टक्कर देगी.

वोक्सवैगन टायरोन नॉन-आर लाइन

फॉक्सवैगन ने हाल ही में अपनी फ्लैगशिप एसयूवी के रूप में टायरोन आर-लाइन लॉन्च की है. हालांकि, कंपनी अब भारतीय बाजार में इस एसयूवी का एक थोड़ा कम स्पोर्टी वेरिएंट पेश करने की योजना बना रही है. ये नया वेरिएंट टायरोन नॉन-आर-लाइन होगा और इसके वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में लॉन्च होने की उम्मीद है. फिलहाल, टायरोन आर-लाइन की एक्स-शोरूम कीमत 46.99 लाख रुपये है. अनुमान है कि आने वाले नॉन-आर-लाइन वर्जन की कीमत 40 से 45 लाख रुपये के बीच कम होगी. हालांकि, ये वर्जन आर-लाइन वर्जन की तुलना में कम पावर और टॉर्क जनरेट कर सकता है, जो अभी के समय में 204 बीएचपी जनरेट करता है.

वोक्सवैगन गोल्फ जीटीआई का नया बैच

फॉक्सवैगन गोल्फ जीटीआई पिछले साल लॉन्च होने पर भारत में सबसे ज्यादा चर्चित कारों में से एक बन गई. फॉक्सवैगन ने शुरुआत में गोल्फ जीटीआई की केवल 150 यूनिट्स ही भारत में पूरी तरह से निर्मित (सीबीयू) रूप में मंगाई थीं. अब, फॉक्सवैगन साल 2027 की पहली तिमाही में भारत में गोल्फ जीटीआई का एक नया बैच लॉन्च करने की योजना बना रही है. ये दमदार हैचबैक 2.0 लीटर चार-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल टीएसआई इंजन द्वारा संचालित है जो 265 बीएचपी और 370 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है.

डिजाइन की खासियतों की बात करें तो, गोल्फ जीटीआई में मैट्रिक्स एलईडी हेडलाइट्स, कनेक्टेड एलईडी लाइट बार, रोशन फॉक्सवैगन लोगो, जीटीआई बैज, 18 इंच के अलॉय व्हील्स, लाल ब्रेक कैलिपर्स, स्मोक्ड एलईडी टेल-लैंप, रूफ स्पॉयलर और डुअल एग्जॉस्ट टिप्स दिए गए हैं. इंटीरियर में, इसमें 12.9 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, सिग्नेचर टार्टन सीट अपहोल्स्ट्री, हीटेड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और 30 रंगों वाली एम्बिएंट लाइटिंग मिलती है.

नई सब-4 मीटर एसयूवी

स्कोडा काइलाक की सफलता को देखते हुए, फॉक्सवैगन ने भारत में किफायती मॉडल लॉन्च न करने की अपनी रणनीति में बदलाव किया है. अब कंपनी एक बिल्कुल नई सब-4 मीटर एसयूवी लॉन्च करने की तैयारी में है. इस मॉडल के 2027 के दूसरे तिमाही में लॉन्च होने की उम्मीद है. ये सीधे तौर पर स्कोडा काइलाक और इस सेगमेंट की अन्य कॉम्पैक्ट एसयूवी को टक्कर देगी.

आने वाली एसयूवी उसी MQB-A0-IN प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी जिसका इस्तेमाल Taigun, Virtus, Kushaq, Slavia और Kylaq में किया जाता है. हालांकि, Skoda Kylaq के साथ प्लेटफॉर्म साझा करने के बावजूद, Volkswagen संस्करण की स्टाइलिंग पूरी तरह से अलग होगी.

Kylaq के फीचर्स लगभग समान रहने की उम्मीद है. मैकेनिकल रूप से, SUV में वही 1.0-लीटर तीन-सिलेंडर TSI टर्बो-पेट्रोल इंजन होगा जो 115 PS पावर और 178 Nm टॉर्क जनरेट करता है. ट्रांसमिशन ऑप्शन में 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और हाल ही में लॉन्च किया गया 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन शामिल होगा।. इसकी कीमत लगभग 7.5 लाख रुपये से 13 लाख रुपये के बीच होगी.