भिवानी: 55 घरों में चोरी करने वाला गिरोह काबू

3630
SHARE

भिवानी।

गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान व गुजरात के विभिन्न जिलों में घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया करते थे। पुलिस टीम के द्वारा गिरोह के सदस्य से 03 एलईडी, 01 ऐसी, 01 इनवर्टर बैटरी, 19 चांदी के सिक्के, 04 जोड़ी चांदी की पाजेब, 02 जोड़ी चांदी के बच्चों के कड़े व रुपए बरामद किए हैं। थाना सिवानी पुलिस ने जिला भिवानी में वर्ष 2021, 2022,2023 में कुल 55 घरों में चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। प्रबंधक थाना सिवानी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला भिवानी में कुल 55 घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के मुख्य सदस्य सहित कुल 05 आरोपियों को दिनांक 14.07. 2023 को आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस टीम के द्वारा संगठित गिरोह के गिरफ्तार किए गए सदस्यों की पहचान निम्नलिखित है:-

1. राजू उर्फ नन्हे पुत्र भवानी निवासी गांव रामबिहार, बन्थपला थाना लोनी, गाजियाबाद उत्तर प्रदेश।

2. सागर पुत्र श्याम सिंह निवासी गांव रामबिहार बन्थपला, थाना लोनी, गाजियाबाद उत्तर प्रदेश।

3. राजकुमार पुत्र विजयपाल निवासी गांव रामबिहार, बन्थपला थाना लोनी, गाजियाबाद उत्तर प्रदेश।

4. गुलशन उर्फ पोली पुत्र राजू निवासी रामबिहार बन्थपला, थाना लोनी, गाजियाबाद उत्तर प्रदेश।

5. भूरा उर्फ लंबू निवासी हदपुर थाना सासनी, जिला हाथरस, उत्तर प्रदेश।

जांच इकाई के द्वारा उपरोक्त सभी आरोपियों को पेश माननीय न्यायालय में कर 08 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया था।

पुलिस टीम के द्वारा आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2021 में गांव देवसर में एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वर्ष 2022 में बवानीखेड़ा, बुषाण, बिरण, कुसम्भी, डांगर, तोशाम कलाली, टिटानी, देवराला, मिठी, सन्डवा, दिनोद,ओबरा, घंघाला, मंढाणा, कोहाड, मतानी, पपोसा, धारहेडु, चांग बलियाली, राजपुरा खरकड़ी, गोलागढ़, सांगा, प्रेम नगर, भैनी जाटान में घरों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

आरोपियों के द्वारा वर्ष 2023 में गांव ईशरवाल, बड़वा तालु, ढाणी शंकर, कायला, बवानी खेड़ा, बापोड़ा, अजीतपुर, हसान, खानक, तोशाम, मंढोली, देवावास, गरवा व उमरावत में घरों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस टीम के द्वारा घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर सामान को बेचकर उन पैसों से खरीदी गई 03 एलईडी, 01 ऐसी, 01 इनवर्टर बैटरी, 19 चांदी के सिक्के, 04 जोड़ी पाजेब चांदी की व 02 जोड़ी बच्चों के चांदी के कड़े बरामद किए गए हैं।

संगठित गिरोह के सदस्यों के द्वारा वारदात का तरीका:-

जांच इकाई के द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी राजू उर्फ नन्हे ने बताया कि उनका गिरोह का मुख्य सरगना लक्ष्मी उर्फ लख्मीचंद पुत्र श्री राम निवासी रामबिहार, बन्थपला, थाना लोनी जिला गाजियाबाद उत्तर प्रदेश है।
संगठित गिरोह के सभी सदस्य मुख्य सरगना लक्ष्मी के साथ दिल्ली नंबर की गाड़ी में अलग-अलग राज्यों के अलग-अलग जिलों में जाकर घरों में लूट व डकैती की घटना को अंजाम देने के लिए पहले मकान का चयन करते थे। उसके बाद गिरोह के सदस्यों के द्वारा उस मकान की रेकी की जाती थी। इसके बाद गिरोह का गाड़ी चालक गिरोह के सदस्यों को चयन किए गए मकान के पास छोड़कर गाड़ी को आबादी वाले इलाके से दूर खड़ी करता था। गिरोह के सदस्य घर के मुख्य द्वार पर, जहां पर घर के सदस्य सो रहे हैं वहां पर व चोरी वाले स्थान पर अपने-अपने स्थानों को निर्धारित करके हथियार के साथ घटना को अंजाम देते थे। वही परिवारजनों के उठने पर आरोपी हथियारों से उन पर हमला कर देते थे। गिरोह के सदस्य चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए नंगे पैर आते और अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग वेशभूषा में घटना को अंजाम देते थे जैसे काला कच्छा, काला बुर्का, बनियान, पैंट शर्ट, पैंट t-shirt आदि कपड़ों का प्रयोग करते थे। गिरोह के सदस्यों के द्वारा चोरी व डकैती की वारदातों को अंजाम देने के उपरांत जो आभूषण और सामान लूटा जाता था उसको बेचकर प्राप्त रुपए को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लिया करते थे। गिरोह के मुख्य सरगना लख्मी उर्फ लक्ष्मीचंद की राजस्थान पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान मृत्यु हो चुकी है।

पुलिस टीम के द्वारा आरोपियों को पेश माननीय न्यायालय में कर गांव बड़वा में चोरी करने के मामले में दर्ज अभियोग में दोबारा 04 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ जारी है।

अपने आस-पास की खबरे देखने के लिए हमारा youtube चैनल Subscribe करेSubscribe करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे https://www.youtube.com/bhiwanihulchal