भिवानी की लडक़ी की गोहाना में जहर देकर हत्या, 16 वर्ष पहले हुई थी शादी, पति पर गाड़ी मांगने का आरोप

431
SHARE

हरियाणा के सोनीपत के गोहाना में एक व्यक्ति ने मारपीट कर अपनी पत्नी को जहर दे दिया। बाद में पीजीआई में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोप है कि वह पत्नी पर गाड़ी लाने के लिए दबाव डाल रहा था। गोहाना शहर पुलिस ने मृतका के पति साहब सिंह के खिलाफ दफा 302 व 328 IPC के तहत केस दर्ज कर लिया है।

16 साल पहले हुई थी शादी

भिवानी के मोहल्ला पड़ाव पतराम गेट निवासी मुरारी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसकी बड़ी बहन सुमन की शादी करीब 16 साल पहले चौपड़ा कॉलोनी गोहाना निवासी साहब सिंह के साथ हुई थी। फिलहाल वह एक लड़का-लड़की की मां थी। बहन सुमन का पति साहब सिंह नशा करने का आदि है।

गाड़ी लाने के लिए पत्नी पर दबाव

उसने बताया कि पिछले महीने 5 फरवरी को उसके छोटे भाई संदीप की शादी थी। उसे ससुराल से शादी में गाड़ी मिली थी। उसके बाद से साहब सिंह ने सुमन पर मायके से गाड़ी लेने या पैसे लेने का दबाव बनाया। इसी को लेकर दोनों के बीच कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। शनिवार को शाम 07.30 बजे बहन सुमन का उसके पास टेलीफोन आया और उसने बताया कि पति साहब सिंह ने उसके साथ मारपीट की है और जहर खिला दिया है।

पीजीआई में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

मुरारी ने कहा कि यह सब सुनने के बाद उसने बहन को कहा कि वह गोहाना में रहने वाली अपनी नानी धन्नी देवी के घर चली जाए। सुमन इसके बाद नानी के घर चली गई। इस बीच बहन सुमन की तबीयत खराब हो गई। तो मैने जीजा के भाई मुकेश के पुत्र नवीन को फोन पर इसकी जानकारी दी। वे इसके बाद सुमन को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई ले गए। रात को डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या के बाद पति फरार

मुरारी का आरोप हे कि उसकी बहन सुमन की हत्या उसके पति साहब सिंह ने जहर देकर की है। पुलिस ने साहब के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के बाद मायके के लोगों को सौंप दिया। आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

अपने आस-पास की खबरे देखने के लिए हमारा youtube चैनल Subscribe करेSubscribe करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे https://www.youtube.com/bhiwanihulchal