Ambala Crime: अंबाला में दिन-दहाड़े आतंक, एक्टिवा छीनने का विरोध करने पर युवक को चाकुओं से गोदा
अंबाला के 12 क्रॉस रोड पर नकाबपोश बदमाशों का तांडव। एक्टिवा छीनने का विरोध करने पर राहगीर पर चाकू से हमला। लहूलुहान युवक अस्पताल में भर्ती, पुलिस CCTV खंगाल रही।
अंबाला : शहर के हृदय स्थल 12 क्रॉस रोड स्थित बकरा मार्केट के पास बदमाशों ने दिन-दहाड़े आतंक मचाया। 3-4 नकाबपोश युवकों ने एक राहगीर युवक को घेरकर उसकी एक्टिवा छीनने का प्रयास किया। जब युवक ने दिलेरी दिखाते हुए इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उस पर सब्जी काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।
मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। उनके पास केवल एक चाकू नहीं, बल्कि कई धारदार हथियार थे। शोर मचने पर जब स्थानीय दुकानदार और लोग बीच-बचाव के लिए आए, तो बदमाशों ने उन्हें भी डराने की कोशिश की। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्हें भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात करने का कोई खौफ नहीं था।
सूचना मिलते ही 112 पीसीआर की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस की गाड़ी देख हमलावर अपनी जान बचाकर गलियों से फरार हो गए। पुलिस ने तुरंत घायल युवक को अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
शहर के बीचों-बीच हुई इस घटना से स्थानीय व्यापारियों और लोगों में रोष है। पुलिस अब बदमाशों की पहचान के लिए मार्केट के CCTV फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के हुलिए की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

