Panjokhra Ambala POCSO Case: 11वीं की छात्रा से दरिंदगी की कोशिश, विरोध करने पर दांतों से काटा, आरोपी पिता जेल
अम्बाला : अंबाला के पंजोखरा थाना क्षेत्र से बाप-बेटी के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक कलयुगी पिता ने शराब के नशे में अपनी ही 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। जब बेटी ने हिम्मत दिखाकर आरोपी का विरोध किया, तो हैवान बने पिता ने उसे शरीर पर कई जगह दांतों से बुरी तरह काट लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता की मां एक निजी अस्पताल में सफाई कर्मचारी के रूप में काम करती है और घटना के समय वह अपनी नाइट ड्यूटी पर थी। घर पर नाबालिग बेटी और उसका छोटा भाई अकेले थे। आरोपी पिता शराब के नशे में घर पहुंचा और साजिश के तहत उसने छोटे बेटे को किसी बात के बहाने घर से बाहर भेज दिया।पिता ने अकेलेपन का फायदा उठाकर अपनी ही बेटी को दबोच लिया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। कुछ देर बाद जब छोटा भाई वापस लौटा, तो उसने अपनी बहन को पिता के चंगुल से छुड़ाने का प्रयास किया और पिता की इस शर्मनाक करतूत को अपनी आंखों से देखा।
बेटी द्वारा कड़ा विरोध करने पर बौखलाए आरोपी ने बच्ची को दांतों से कई जगह काटकर लहूलुहान कर दिया। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग सतर्क हुए, जिसके बाद पीड़िता की मां को तुरंत घटना की सूचना दी गई। मां की शिकायत के आधार पर पंजोखरा थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया और अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।