Ambala Crime: खाटू श्याम से लौट रहे युवकों में खूनी झड़प, तलवार से हमले में एक घायल
अंबाला के शहजादपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में झगड़ा। खाटू श्याम से लौटते वक्त बस में हुई बहस, धारदार हथियार से हमले में अमनदीप गंभीर घायल। केस दर्ज।
अंबाला : खाटू श्याम दर्शन कर लौट रहे 2 पक्षों का बस में ही किसी रंजिश को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि हथियारों से हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका उपचार जारी है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी है।
नारायणगढ़ निवासी अमनदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि 13 अप्रैल की सुबह उनके दोस्त अंशुल ने उसे फोन कर बताया कि वह खाटू श्याम से वापस लौट रहा था और बस में उसकी माजरा निवासी राकेश और कुशान्त के साथ बहस हो गई है।
अंशुल ने अमनदीप को मामले को सुलझाने के लिए शहजादपुर के गोगामेड़ी के पास बुलाया। सुबह करीब साढ़े 5 बजे जब अमनदीप वहां पहुँचा, तो उसने कुशांत को समझाने की कोशिश की तो कुशांत ने गाली-गलौज कर अमनदीप की कोहनी पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। हमले में घायल अमनदीप मौके पर ही बेहोश हो गया, जिसे पंचकूला के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया।
शहजादपुर थाना पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी कुशांत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। घायल युवक का अभी इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

