Bhiwani Cyber Fraud: पैसे दोगुने करने के नाम पर ₹4.50 लाख की ठगी, दूसरा आरोपी गिरफ्तार

भिवानी साइबर पुलिस ने ₹4.50 लाख की ठगी के मामले में दूसरे आरोपी सोनू को हिसार से दबोचा। निवेश के नाम पर 'जीवन बदलने' का झांसा देकर हड़पे थे पैसे।

 
हिसार आदमपुर साइबर फ्रॉड

भिवानी। निवेश के नाम पर रुपये दुगने करने का झांसा देकर 4.50 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में थाना साइबर क्राइम पुलिस ने दूसरे आरोपी सोनू को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी टिब्बा बस्ती, आदमपुर, जिला हिसार का रहने वाला है। रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

गांव फरटिया निवासी नरेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 सितंबर 2025 को उसके मोबाइल नंबर पर अज्ञात व्यक्तियों का फोन आया। उन्होंने ‘त्वरित लाभ, आपका जीवन बदलने के लिए तैयार’ नामक कंपनी में निवेश करने पर कुछ ही घंटों में पैसे दोगुने करने का लालच दिया। आरोपियों ने बार-बार संपर्क कर उसे विश्वास में लिया और उससे 4,50,000 रुपये निवेश करवा लिए। इसके बाद वे लगातार और पैसे की मांग करने लगे जिस पर उसे धोखाधड़ी का संदेह हुआ और उसने पुलिस को शिकायत दी।

थाना साइबर क्राइम के जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने नाम पर सिम कार्ड उपलब्ध कराकर अन्य साथियों को धोखाधड़ी की वारदात अंजाम देने में मदद की थी जिसके बदले में उसे 1000 रुपये मिले थे।