भिवानी: छह वर्षीय मासूम की पीट-पीटकर हत्या, पिता पर लगे गंभीर आरोप
भिवानी के खरक कलां में छह वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामला। मां ने पिता पर दुष्कर्म और हत्या के आरोप लगाए। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
भिवानी: खरक कलां क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बच्ची की पीट-पीटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार रात की है। मृतका की मां ने अपने पति पर बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतका की मां ने बताया कि उसकी शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी और उसकी तीन बेटियां हैं। पारिवारिक विवाद के कारण वह बेटियों के साथ पति से अलग रह रही थी। करीब दो वर्ष पहले उसका पति छह वर्षीय बेटी को अपने साथ ले गया था। आरोप है कि उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और बुरी तरह पीटा। डर के कारण बच्ची चुप रही। किसी तरह उसने मौका पाकर फोन पर आपबीती सुनाई तो शुक्रवार को वह उसे लाने के लिए भिवानी पहुंची लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मां ने कहा-फोन पर बेटी ने बताई थी आपबीती, मिलने पहुंची तो हो चुकी थी मौत
डीएसपी महेश कुमार ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या और पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। फोरेंसिक जांच के बाद मौत के वास्तविक कारणों व आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में बच्ची के निजी अंगों पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

