Delhi-NCR Crime: दिल्ली-एनसीआर में 24 घंटे में 6 मर्डर से सनसनी, दहल उठी देश की राजधानी
दिल्ली-एनसीआर में बीते 24 घंटे में हत्या की वारदातों से हड़कंप। गोविंदपुरी में मां-बेटे का कत्ल, रोहिणी में दो नाबालिगों की हत्या समेत 6 लोगों की मौत से पुलिस अलर्ट।
दिल्ली-एनसीआर में बीते 24 घंटे में हत्या की कई सनसनीखेज वारदातें सामने आई हैं. कहीं मां-बेटे की हत्या हुई, तो कहीं संपत्ति विवाद और पुरानी रंजिश में खून बहा. नोएडा से लेकर रोहिणी और गोविंदपुरी तक हत्या की घटनाओं से सनसनी फैल गई. पिछले 24 घंटे में दिल्ली-एनसीआर में कम से कम 6 लोगों की हत्या की वारदात सामने आई है. दिल्ली, रोहिणी, गोविंदपुरी और ग्रेटर नोएडा समेत कई इलाकों में हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर है.
गोविंदपुरी में मां-बेटे की हत्या
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में देर रात घर में घुसकर मां और 13 वर्षीय बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी गईच. मृतकों की पहचान शारदा साहू और उनके बेटे कुशल के रूप में हुई है. घटना उस समय सामने आई जब मृतका का पति विष्णु साहू रात करीब 12:30 बजे घर लौटा.घर के अंदर दोनों के शव खून से लथपथ पड़े मिले. शवों पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे. पुलिस जांच में अलमारी से नकदी और जेवर गायब मिले हैं, जिससे लूट के इरादे से हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रोहिणी में दो नाबालिगों की हत्या
रोहिणी जिले के अमन विहार इलाके में खूनी संघर्ष के दौरान दो नाबालिग किशोरों की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. मृतकों की पहचान जॉनी और मयंक के रूप में हुई है. पुलिस ने मुख्य नाबालिग आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक मृतक जॉनी और मयंक अपने एक अन्य साथी दिनेश के साथ सुल्तानपुरी इलाके से अमन विहार गए थे. वह वहां रितेश नाम के एक युवक की तलाश में हथियार लेकर पहुंचे थे. कुछ समय पहले सुल्तानपुरी इलाके में एक हत्या हुई थी, जिसमें जॉनी और मयंक को शक था कि रितेश ने आरोपी आरोपियों को अपने घर छिपाया है.
इसी का बदला लेने के लिए तीनों अमन विहार की गलियों में रितेश को ढूंढ रहे थे. इस दौरान महिला और उसे बेटे के विवाद हो गया, तो जाॅनी ने अपने साथियों के साथ उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसके बाद आसपास ने उन्हें दौड़ा दिया. इस दौरान एक नाबालिक ने चाकू से दोनों की हत्या कर दी.
संपत्ति विवाद में चाचा की मौत
पश्चिमी दिल्ली के सुभाष प्लेस इलाके में संपत्ति विवाद को लेकर चाचा-भतीजे के बीच हिंसक झड़प हो गई. इस दौरान चाचा राजेश की मौत हो गई, जबकि भतीजा दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं घायल दीपक का इलाज चल रहा है. पुलिस के अनुसार पारिवारिक संपत्ति को लेकर दोनों में पहले से विवाद था. घटना सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र के जेजे कॉलोनी की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
ग्रेटर नोएडा में युवक की गोली मारकर हत्या
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के वैदपुरा गांव में ड्यूटी पर जा रहे युवक दीपक नागर की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अभी हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. मामले की जांच के लिए डीसीपी ने दो टीमों का गठन किया है.

