फरीदाबाद: 'अनाज की बोरी' उतारने के बहाने ले गए दोस्त, 20 साल के योगेश की गोली मारकर हत्या
फरीदाबाद की भीकम कॉलोनी में सनसनीखेज वारदात। अनाज उतारने के बहाने ले जाकर दोस्तों ने युवक योगेश के माथे में मारी गोली। अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम।
फरीदाबाद : फरीदाबाद के भीकम कॉलोनी में सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां 20 वर्षीय युवक योगेश की उसके ही दोस्तों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी दोस्त योगेश को घर से यह कहकर अपने साथ ले गए थे कि उन्हें अनाज की बोरी उतारनी है। लेकिन कुछ ही देर बाद परिवार को सूचना मिली कि योगेश को गोली मार दी गई है।
इलाज के बाद तोड़ा दम
घटना स्थल पर पहुंचने पर देखा गया कि योगेश के माथे में गोली लगी हुई थी। गंभीर हालत में उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब दो से तीन दिन तक उसका इलाज चला, लेकिन आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

