Faridabad Crime: फरीदाबाद में नशेड़ी दूल्हे का खूनी खेल; पत्नी को भेजने से मना करने पर ससुर की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, आरोपी फरार
फरीदाबाद के गांव छायसा में एक दूल्हे ने अपने ही ससुर की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। शराब के नशे में धुत दामाद के साथ बेटी को भेजने से मना करने पर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
फरीदाबाद : फरीदाबाद के गांव छायसा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां अपनी पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे दूल्हे ने गुस्से में आकर ससुर की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि युवक अपनी दुल्हन को साथ ले जाने के लिए ससुराल आया था, लेकिन वह शराब के नशे में धुत था। इसी वजह से दुल्हन के पिता और अन्य परिजनों ने उसे बेटी को साथ भेजने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान गुस्से में आए दूल्हे ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर अपने ससुर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

