Faridabad Crime & Missing News: ट्रैवल रील्स देख फरीदाबाद से लापता हुईं BSC की 3 छात्राएं, पुलिस ने पश्चिम बंगाल से किया बरामद

फरीदाबाद के कॉलेज से अचानक लापता हुई BSC की 3 छात्राओं को पुलिस ने न्यू जलपाईगुड़ी से बरामद किया। घूमने के शौक में बिना बताए दार्जिलिंग निकली थीं तीनों।
 
हरियाणा समाचार हिंदी

फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद में एक डिग्री कॉलेज में बीएससी अंतिम वर्ष में पढ़ने वाली तीन छात्राएं एक साथ अचानक लापता हो गई। छात्राएं कॉलेज से निकलने के बाद घर नहीं पहुंचीं तो परिवार टेंशन में आ गया। यह टेंशन उस वक्त और बढ़ गई, जब तीनों के मोबाइल फोन भी बंद आने लगे।

बस फिर क्या था, तीनों के परिजन दौड़े-दौड़े थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी कहानी बताई। मामला 3 लड़कियों से जुड़ा था तो पुलिस भी तुरंत एक्टिव हुई। तीनों छात्राओं के मोबाइल की लोकेशन देखी तो कोई खास जानकारी नहीं मिल पाई। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाली तो एक नंबर ऐसा मिला, जिससे मोबाइल बंद होने से ठीक पहले बाद की गई थी। पुलिस ने उस नंबर पर कॉल किया तो वह एक लड़के का निकला। पूछताछ करने पर मालूम चला कि तीनों लड़कियां दार्जिलिंग घूमने गई हैं।

इसका पता चलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत दार्जिलिंग के लिए रवाना की गई। मगर, तीनों लड़कियां वहां भी नहीं मिली। इसके बाद दोबारा उनके मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई, जो नई जलपाईगुड़ी में मिली। पुलिस टीम तुरंत वहां पहुंची तो तीन लड़कियां रेलवे स्टेशन पर मिल गई। पूछताछ में तीनों ने दार्जिलिंग तक पहुंचने की पूरी कहानी बताई, जिसमें इंटरनेट से आइडिया आने, बिरयानी खाने और फिर दिल्ली जाकर ट्रेन पकड़ना शामिल था।

पुलिस के मुताबिक, तीनों छात्राओं की उम्र 22 से 23 साल के बीच है। तीनों मेहता दयानंद कॉलेज में बीएससी अंतिम वर्ष में पढ़ती हैं। एक छात्रा पलवल, दूसरी एसजीएम नगर और तीसरी पर्वतिया कॉलोनी की रहने वाली हैं। तीनों को ट्रैवल वाली वीडियो देखने का शौक है। इसी शौक पर वे पश्चिम बंगाल के टूरिस्ट प्लेस दार्जिलिंग की खूबसूरती को देख प्रभावित हो गई। इसके बाद तीनों ने परिवार को बिना बताए वहां घूमने का प्लान बनाया और इसके लिए कैश भी जोड़ना शुरू कर दिया।

नमस्ते चौक पर बिरयानी खाई, फिर दार्जिलिंग के लिए निकली: पूछताछ में तीनों ने बताया कि तीनों ने इसके लिए 14 अगस्त को चुना। दोपहर कॉलेज से निकलने के बाद तीनों छात्राएं एक साथ नमस्ते चौक पहुंचीं। यहां उन्होंने बिरयानी खाई और इसके बाद तीनों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए। इससे पहले तीनों ने यह पता कर लिया था कि दार्जिलिंग जाने के लिए कहां से ट्रेन और बस पकड़नी है।

नई दिल्ली में ट्रेन नहीं मिली तो पुरानी दिल्ली पहुंचीं : इसके बाद तीनों फरीदाबाद से मेट्रो के जरिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचीं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद छात्राओं को पता चला कि दार्जिलिंग के लिए यहां से सीधी ट्रेन नहीं है। इसके बाद तीनों ऑटो से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचीं। वहां से उन्होंने डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस पकड़ ली और दार्जिलिंग की ओर निकल पड़ीं।

दानापुर उतरकर पहुंचीं वाराणसी, गंगा स्नान किया : यात्रा के दौरान तीनों छात्राएं रात के समय दानापुर रेलवे स्टेशन पर उतर गईं। यहां से उन्होंने ऑटो से वाराणसी का रुख किया। वहां पहुंचकर तीनों ने गंगा घाट पर स्नान किया। इसके बाद 15 अगस्त की सुबह दानापुर से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए ट्रेन पकड़ी और आगे दार्जिलिंग की ओर रवाना हुईं।