Crime and Accident News Faridabad: फोन पर विवाद के बाद घर पहुंचा पति, बेड पर बेसुध मिली पत्नी, अस्पताल में तोड़ा दम

फरीदाबाद के कैल गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में 31 वर्षीय श्रेया सिंह की मौत। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद बिगड़ी थी तबीयत।
 
Sarvodaya hospital Faridabad

फरीदाबाद : फरीदाबाद सेक्टर-58 थाना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां कैल गांव में 31 वर्षीय श्रेया सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला की हालत बिगड़ने के बाद पति उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, एनआईटी-3 की मोर्चरी में रखवा दिया है। 

मिली जानकारी के अनुसार बिहार के छपरा जिले की रहने वाली श्रेया की वर्ष 2017 में रामेंद्र से शादी हुई थी। वह अपने पति और पांच वर्षीय बेटी के साथ कैल गांव में रह रही थी। रविवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच श्रेया की अपने पति से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई।  

रामेंद्र ने बताया कि बातचीत के बाद उसने पत्नी से कहा था कि वह घर वापस आ रहा है। रामेंद्र के अनुसार, वह रात करीब 3 बजे घर पहुंचा तो श्रेया बेड पर बेसुध हालत में पड़ी थी और बेहद धीमी आवाज में बात कर रही थी। पूछने पर उसने बताया कि उसने कुछ खा लिया है। इसके बाद पति उसे बल्लभगढ़ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां से डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया।

 बाद में रामेंद्र उसे सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय अस्पताल लेकर गया। वहां इलाज के दौरान कुछ घंटे बाद श्रेया की मौत हो गई। पत्नी की मौत के बाद पति उसके शव के पैरों के पास बैठकर फूट-फूटकर रोता रहा। मृतका की पांच वर्षीय बेटी है, जिसका जन्मदिन करीब एक महीने बाद आने वाला था। 

सेक्टर-58 थाना पुलिस के ASI कृष्ण कुमार ने बताया कि अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट व बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।