Gohana Crime News: गोहाना में रूह कंपाने वाली वारदात; सोते समय बुजुर्ग महिला पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, पुरानी रंजिश में 10 युवकों पर आरोप

गोहाना के कथुरा गांव में फाग की रात 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला राजो देवी को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। रजाई पर पेट्रोल डालकर लगाई गई आग में महिला गंभीर रूप से झुलस गई। 4 साल पुरानी रंजिश के चलते पड़ोस के 8-10 युवकों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप है।

 
हरियाणा पेट्रोल अटैक

गोहाना : गोहाना के बरोदा थाना के अंतर्गत आने वाले गांव कथुरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बुजुर्ग महिला को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। आग की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे पहले गोहाना के अस्पताल ले जाया गया और बाद में हालत गंभीर होने पर रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बुर्जुग महिला के बेटे सोनू ने बताया कि कल फाग की रात उसकी 65 वर्षीय मां राजो देवी बरामदे में खाट पर रजाई ओढ़कर सो रही थी। आरोप है कि रात करीब 11:45 बजे पड़ोस के 8-10 युवक कांच की बोतल में पेट्रोल लेकर आए और सो रही महिला की रजाई व खाट के नीचे पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्य और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई।  आग की लपटों से राजो देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें तुरंत गोहाना के अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। 

दोनों पक्षों के बीच पहले से थी पुरानी रंजिश

पीड़ित परिवार के अनुसार गांव की चौपाल में बच्चों की पढ़ाई के लिए एक लाइब्रेरी बनाई गई है। करीब चार साल पहले होली के दिन कुछ युवक शराब पीकर चौपाल पर डांस कर रहे थे। उस समय बच्चों की पढ़ाई को देखते हुए उन्हें वहां से जाने के लिए कहा गया था। इसी बात को लेकर कहासुनी और गाली-गलौज हो गई थी, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी। कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया है। 

घटना की सूचना मिलते ही बरोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि घायल महिला और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज रोहतक पीजीआई में चल रहा है।