Gohana News: गोहाना में पेट्रोल डलवाकर बिना पैसे दिए फरार हुए 'ठग', CCTV में कैद

गोहाना के गामड़ी गांव में पेट्रोल पंप पर बाइक सवार दो युवकों ने 800 रुपये का तेल डलवाया और सेल्समैन को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने CCTV के आधार पर जांच शुरू की।

 
हरियाणा क्राइम न्यूज़

गोहाना : गोहाना के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव गामड़ी में एक पेट्रोल पंप पर 'ठगों' ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। दो बाइक सवार युवक पेट्रोल भरवाने के बाद बिना पैसे दिए सेल्समैन को चकमा देकर फरार हो गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
 
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 बजे एक बाइक पर सवार दो युवक पेट्रोल पंप पहुँचे। दोनों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था। युवकों ने बाइक में करीब 800 रुपये का पेट्रोल डलवाया। जब सेल्समैन ने पैसे मांगे, तो एक युवक ने 'गूगल पे' करने का बहाना बनाया और मशीन के पास आया। जैसे ही सेल्समैन का ध्यान भटका, युवक ने उसे धक्का दिया और दोनों बाइक दौड़ाकर मौके से रफूचक्कर हो गए।


हैरानी की बात यह है कि इसी पेट्रोल पंप को पहले भी निशाना बनाया जा चुका है। करीब दो महीने पहले एक कार सवार यहाँ से 4000 रुपये का तेल भरवाकर बिना पैसे दिए भाग निकला था। बार-बार हो रही इन वारदतों से स्थानीय पेट्रोल पंप संचालकों में रोष और असुरक्षा का माहौल है।

 
सदर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। फुटेज में युवकों की बाइक और उनकी गतिविधियों के आधार पर पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।