Sector 40 Gurgaon Crime News: नींद की झपकी आने से ट्रक ने कांवड़िये को रौंदा, कांवड़ियों का हंगामा और तोड़फोड़
दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने डाक कांवड़िये को टक्कर मारी। कांवड़ियों ने ट्रक में तोड़फोड़ की। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार किया।
गुड़गांव : दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर उस वक्त कावड़ियों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी जब एक ट्रक ने डाक कावड़ लेकर जा रहे कावड़िए को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कावड़िया दूर जा गिरा और उसकी बाजू पर चोट आई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं सेक्टर-40 थाना पुलिस ने घायल कावड़िए के भाई की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, कुछ कावड़िए हरिद्वार से डाक कावड़ लेकर अलवर जा रहे थे। रात को जब वह दिल्ली जयपुर एक्सप्रेसवे पर निकासी-10 के पास पहुंचे तो एक ट्रक ने एक कावड़िए को टक्कर मार दी। आरोप है कि ट्रक ड्राइवर ने कावड़िए पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। इस घटना से गुस्साए कावड़ियों ने ट्रक को रोक लिया और ड्राइवर की पिटाई कर दी। इतना ही नहीं कावड़ियों ने ट्रक के शीशे भी तोड़ दिए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कावड़िए को अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान अलवर के रहने वाले श्रीकांत के रूप में हुई। पुलिस ने घायल श्रीकांत के भाई बलबीर की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पूनम ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी ड्राइवर विरेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि घटना सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई है। माना जा रही है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई जिसके कारण उसने नींद में ही ट्रक को एक तरफ मोड़ दिया जिसके कारण यह घटना हुई है। ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।

